Home Blog Page 342

कांग्रेस समेत अन्य 19 पार्टियों ने किया नई संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बायकॉट

नई संसद भवन का उद्घाटन 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना है। किंतु इसे लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। विपक्षी दलों ने बुधवार को संयुक्त वक्तव्य जारी कर नई संसद भवन के उद्घाटन से बायकॉट करने का फैसला कर लिया है।

समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों द्वारा जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि, “जब लोकतंत्र की आत्मा को संसद से निष्कासित कर दिया गया है, तो हमें नई इमारत में कोई मूल्य नहीं दिखता। हम नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने के अपने सामूहिक निर्णय की घोषणा करते हैं। हम इस निरंकुश प्रधानमंत्री और उनकी सरकार के खिलाफ शब्दों और भावनाओं में लड़ना जारी रखेंगे, और अपना संदेश सीधे भारत के लोगों तक ले जाएंगे।”

इससे पहले विपक्षी दलों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव की पार्टी, महाराष्ट्र का उद्धव ठाकरे गुट और शरद यादव की पार्टी एनसीपी, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), आम आदमी पार्टी, सीपीआई (एम) और सीबीआई शामिल हैं।

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने इस पर कहा कि, “इस विषय को लेकर हमारी सभी लोगों से बातचीत हुई। हम इसका बायकॉट करेंगे। हमारा मानना है कि राष्ट्रपति से नई संसद का उद्घाटन करवाना चाहिए। संसद के हेड राष्ट्रपति होते हैं। उनसे उद्घाटन न करवाकर उनका अपमान किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि सभी विपक्षी दल उसका बायकॉट करें।“

वहीं एनसीपी के प्रवक्ता की तरफ से कहा गया है कि एनसीपी नई संसद के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल नहीं होगी। पार्टी ने यह तय किया है कि इस मसले पर वो अन्य समान विचारधारा वाले दलों के साथ खड़ी होगी।

उद्धव गुट के सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को सिर्फ पीएम की इच्छा के लिए बनाया, क्या इसकी जरूरत थी? सभी विपक्षी दलों ने नई संसद के उद्घाटन का बायकॉट करने का फैसला किया है। हम भी उनके साथ है।

आपको बता दें, नई संसद भवन का निर्माण कार्य पीएम मोदी द्वारा इसकी नींव रखकर 10 दिसंबर 2020 में किया गया था। इसका निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। और डिजाइन हमदाबाद बेस्ड बिमल पटेल के अंडर में एचसीपी डिजाइन, प्लानिंग एंड मैनेजमेंट द्वारा किया गया है।

ईडी के आप सांसद संजय सिंह के कई करीबियों के घरों पर छापे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह के करीबियों के घर छापेमारी की है। खुद संजय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा उनके करीबी लोगों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के यहां ईडी ने यह छापे मारे हैं। सिंह छापों के समय दिल्ली से बाहर थे।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ईडी ने कई स्थानों पर तलाशी ली है। इनमें संजय सिंह के करीबी सहयोगी अजीत त्यागी के आवास और कार्यालय और अन्य व्यवसायी और ठेकेदार शामिल हैं। आरोप हैं कि उन्हें कथित रूप से दिल्‍ली की शराब नीति से लाभ हुआ था।

सांसद संजय सिंह इस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ दूसरे दलों के नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली से बाहर हैं। बता दें ये मामला उन आरोपों से संबंधित है कि संजय सिंह और उनके सहयोगियों ने 2020 में शराब की दुकानों और वितरकों को लाइसेंस देने के दिल्ली सरकार के फैसले में भूमिका निभाई, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ और भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों का उल्लंघन हुआ।

संजय इन आरोपों को गलत बता चुके हैं। उनका सरकार पर आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध ले रही है। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी इसी मामले में गिरफ्तार किये गए हैं।

पूर्व जनरल जंजुआ की पोती खदीजा शाह लाहौर हिंसा मामले में गिरफ्तार

पाकिस्तान में हाल में हुई हिंसा के मामले, जिनमें लाहौर कॉर्प्स कमांडर हाउस पर हमला शामिल है, की संदिग्ध खदीजा शाह को पुलिस ने पिछली रात लाहौर में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शाह पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल (रिटायर्ड) ख्‍वाजा आसिफ जंजुआ की पोती हैं। उन्हें इमरान खान का समर्थक माना जाता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व पीएम और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश भर जो हिंसा हुई थी उसी मामले में शाह को गिरफ्तार किया गया है।  आरोप है कि लाहौर कॉर्प्स कमांडर हाउस पर हमले के पीछे शाह का दिमाग था।

पुलिस ने कहा कि शाह को लाहौर में गिरफ्तार किया गया। हाल ही एक वीडियो सामने आया था जिसमें खदीजा शाह यह स्वीकार करती दिख रही हैं कि वह पीटीआई समर्थक हैं और लाहौर कॉर्प्स कमांडर हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन में उन्होंने हिस्सा लिया था।

हालांकि, शाह ने लोगों को हिंसा के लिए उकसाने सहित किसी भी गलत काम से इनकार किया था। इसके बावजूद उन्हें पुलिस की तरफ से इस घटना का ‘मास्टरमाइंड’ बताया गया है।  यह हिंसा 9 मई को इस्लामाबाद हाई कोर्ट (आईएचसी) के परिसर से पीटीआई चीफ इमरान खान को गिरफ्तार करने के बाद हुई थी।

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पहले ही कह चुके हैं कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ मिलिट्री कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगा। बता दें खादिजा शाह पाकिस्‍तान की मशहूर फैशन डिजाइनर हैं।

राहुल गांधी ट्रक में दिल्ली से चंडीगढ़ जाते दिखे, वीडियो हुआ वायरल

करीब 4000 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को चंडीगढ़ एक ट्रक में जाते हुए दिखाई दिए। रास्ते में लोगों ने जब उन्हें ट्रक में जाते देखा तो उन्हें पुकारा और कुछ ने उनसे हाथ भी मिलाया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी सुबह दिल्ली से ट्रक पर सवार होकर चंडीगढ़ के लिए निकल पड़े। ट्रक जब अंबाला पहुंचा तो वे वहां उतर गए और गांधी ने ड्राइवरों से बातचीत की। उन्होंने ड्राइवरों के मसलों और समस्याओं को समझने की भी कोशिश की।

राहुल के इस ट्रक यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अभी यह साफ़ नहीं है कि राहुल चंडीगढ़ किस सिलसिले में गए हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद पूरी कांग्रेस पार्टी उत्साह में दिख रही है। राहुल गांधी की सक्रियता से साफ़ लग रहा है कि उन्होंने जनता के बीच रहने का योजना बनाई है।

अब ट्रक की सवारी करते नजर आने से राहुल गांधी की सक्रियता का अनुमान लगाया जा रहा है। राहुल गांधी नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से करवाने की मांग करके भी चर्चा में आ चुके हैं। उन्हें इस मसले पर विपक्ष का भी पूरा समर्थन मिलता दिखा है।

प्रचलन से बाहर किये गए 2000 के नोट आज से बदले जाने शुरू

जनता आज से 30 सितंबर के बीच बैंकों में जाकर 2000 रुपये के नोटों को जमा करके छोटे नोटों (500 रुपये या 100 रुपये या उससे भी छोटे मूल्य के नोट) में बदलवा सकती है। लोगों को 2000 रुपये के यह नोट अपने बैंक खाते में जमा करवाने का विकल्प भी है।

याद रहे मोदी सरकार ने 19 मई को अचानक 2,000 रुपये के नोट को प्रचलन से बाहर कर दिए जाने की घोषणा की थी। साल 2016 में भी पीएम मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी जिसमें तत्कालीन 500 रुपये और 1,000 रुपये के नोट को अचानक बंद कर दिया था। इस ऐलान के बाद जनता को बेहिसाब परेशानियां हुई थीं। सरकार इस बार थोड़ी एहितियात बरती है।

आरबीआई  की घोषणा के अनुसार, किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में कोई भी शख्स एक बार में 2,000 रुपये के 10 से ज़्यादा नोट (यानी 20,000 रुपये से ज़्यादा) नहीं बदलवा सकेगा। लेकिन एक ही दिन में अगर कोई शख्स बार-बार बैंक काउंटर पर जाकर नोट बदलवा सकता है, तो उसे इसके अनुमति होगी। यानी एक ही दिन में अगर कोई शख्स 10-12 बार लाइन में लगकर काउंटर पर पहुंचता है, तो वह हर बार 10-10 नोट कर एक ही दिन में 100-120 नोट बदलवा सकेगा। कोई भी शख्स नोट बदलवाने का काम कई दिन तक भी करता रह सकता है।

यह 2,000 रुपये के नोट बदलवाने के लिए किसी भी तरह का कोई फॉर्म नहीं भरना होगा और 2,000 रुपये का नोट बदलवाने बैंक पहुंचे शख्स को नोटों को बदलवाने के लिए किसी तरह का पहचान पत्र दिखाने की भी कोई जरूरत नहीं होगी।

नोटों को बदलने के लिए एक बार में 10 नोटों की सीमा तय की गई है, लेकिन 2,000 रुपये के नोटों की सूरत में बैंक खाते में किसी भी रकम को जमा करवाया जा सकता है, और उसके लिए कोई सीमा तय नहीं की गई है। हालांकि बैंक खाते में नकदी जमा करवाने से जुड़े पहले से मौजूद नियमों का पालन करना होगा। बैंक खाता नहीं होने की सूरत में भी किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में जाकर 2,000 रुपये के नोट बदलवाए जा सकते हैं।

वरिष्ठ नागरिकों को भी एक बार में 2,000 रुपये के 10 नोट बदलवाने की ही अनुमति है। हालांकि नोट बदलवाने के स्थान पर खाते में जमा करवाने की स्थिति में बाकी लोगों की तरह वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कोई सीमा नहीं है, और कितनी भी संख्या में नोटों को बैंक अकाउंट में जमा करवाया जा सकता है।

महाराष्ट्र में दो सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत, 17 घायल

एक बड़े हादसे में नागपुर-पुणे हाईवे पर मंगलवार को ट्रक और एसटी बस की टक्कर में 7 लोगों की जान चली गयी जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक अन्य हादसे में महाराष्ट्र के ही अमरावती जिले में ट्रक के कार को टक्कर मारने से 5 लोगों की मौत हो गई।  

जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के बुलढाणा में यह हादसा तब हुआ जब सुबह करीब पौने सात बजे सिंदखेड राजा तहसील के पलसखेड चक्का गांव के पास एक बस और ट्रक की आमने सामने भीषण टक्कर हो गयी।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि तेज गति से आ रहे ट्रक से बस की इस टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिन्हें  सिंदखेडराजा सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

एक अन्य हादसे में महाराष्ट्र के हे अमरावती जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। हादसा अमरावती के खल्लार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरियापुर-अंजनगांव रोड पर सोमवार रात करीब 11 बजे हुआ। हताहतों में अधिकतर एक ही परिवार के सदस्य हैं।

गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री मामले में बीबीसी को दिल्ली हाईकोर्ट का समन

दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुजरात के एक एनजीओ की ओर से दायर  मानहानि मामले में बीबीसी को समन जारी किया है। यह समन गुजरात दंगों पर बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री के मामले से जुड़ा है।

उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने गुजरात के एनजीओ, जस्टिस ऑन ट्रायल की तरफ से दायर मामले में ये समन जारी किया है। इसे सितंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि यह दलील दी गई है कि ये डाक्यूमेंट्री देश और न्यायपालिका की प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री के खिलाफ मानहानि पूर्ण आरोप और जातिगत कलंक लगाती है। याचिका पर समन जारी किया गया है।

 उच्च न्यायालय में दायर मामले में आरोप था कि इस डॉक्यूमेंट्री से न केवल प्रधानमंत्री बल्कि न्यायपालिका और पूरे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया है। संगठन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे पेश हुए। उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री ने भारत और न्यायपालिका सहित पूरी व्यवस्था को बदनाम किया है।

याद रहे हाल में दिल्ली की एक निचली अदालत ने बीबीसी, विकिमीडिया फाउंडेशन और इंटरनेट आर्काइव को भाजपा नेता विनय कुमार सिंह की तरफ से दायर एक मानहानि के सूट में समन जारी किया है। इसमें विवादित डॉक्यूमेंट्री या आरएसएस  और विश्व हिंदू परिषद से संबंधित किसी अन्य सामग्री को प्रकाशित करने से रोकने की मांग की गई है।

पहलवानों ने मानी बृजभूषण सिंह की शर्त, बजरंग पूनिया नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार

टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया ने बृजभूषण शरण सिंह की नार्को टेस्ट कराने वाली शर्त को मान लिया है। पूनिया का कहना है कि, वह नार्को टेस्ट के लिए तैयार हैं।

पूनिया ने कहा कि, अगर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) के घोटाले गिनने हैं तो हम नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। जिन महिला पहलवानों ने शिकायत की है वे भी नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। साथ ही कोच विनोद तोमर, जितेंद्र और धीरेंद्र का भी नार्को टेस्ट होना चाहिए।

आपको बता दें, पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। जिसके बाद रविवार को सोशल मीडिया वेबसाइट फेसबुक पर लिखा था कि वह नार्को टेस्ट, पॉलीग्राफी टेस्ट या फिर लाइ डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्त है कि विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के भी टेस्ट होने चाहिए।

बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश के शीर्ष पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक समेत बहुत से रेसलर्स 23 अप्रैल 2023 से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे है। पहलवानों ने 23 मई को धरना प्रदर्शन के एक महीने होने को लेकर कैंडल मार्च निकालने की घोषणा भी की है।

श्रीनगर में जी-20 बैठक आज; कड़ी सुरक्षा में 60 प्रतिनिधी लेंगे हिस्सा

श्रीनगर में जी20 पर्यटन ग्रुप की बैठक सोमवार से आरंभ हो रही है। इसके लिए कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। बैठक में 60 से ज़्यादा प्रतिनिधियों हिस्सा ले रहे हैं।
पर्यटन प्रतिनिधियों के वर्किंग ग्रुप की बैठक में क्षेत्र के सतत विकास पर गहन चर्चा होने की संभावना है।

शहर के कुछ हिस्सों और शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर या एसकेआईसीसी की ओर जाने वाली सड़कों को खूबसूरत कर दिया गया है। भारत ने बैठक से पहले अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि यहां आकर लोग देखेंगे कि धरती पर स्वर्ग कैसा होता है।

आतंकी साजिश के अलर्ट के बाद सुरक्षा के बेहद कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। जी20 के चीफ कॉर्डिनेटर हर्षवर्धन शिंगा ने कहा – ‘भारत अपनी जी20 अध्यक्षता के आधे रास्ते पर है। अब तक देश भर में 118 बैठकें हो चुकी हैं। पर्यटन पर पहले की दो बैठकों की तुलना में श्रीनगर बैठक में सबसे अधिक प्रतिभागी आए हैं।’

जी20 के सदस्य देशों के करीब 60 प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि श्रीनगर कार्यक्रम के लिए सबसे अधिक प्रतिनिधि सिंगापुर से आ रहे हैं। विशेष आमंत्रित अतिथि देशों के प्रतिनिधि भी बैठक में भाग ले रहे हैं।

सऊदी अरब ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण नहीं कराया है जबकि तुर्की ने श्रीनगर बैठक से दूर रहने का फैसला किया है। चीन पहले ही श्रीनगर में ऐसी  विरोध कर चुका है। भारत ने यह कहते हुए आपत्ति का पलटवार किया कि वो अपने क्षेत्र में बैठकें करने के लिए स्वतंत्र है।

नीतीश आज दिल्ली में सोनिया और खरगे से मिलकर बातचीत करेंगे

रविवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल से भेंट करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता के सिलसिले में आज राजधानी में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करेंगे। उधर केजरीवाल ने कहा है कि वे भी कोलकाता जाएंगे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलेंगे।

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद दिल्ली में आज नीतीश कुमार की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बड़े मायने हैं। वे सोनिया गांधी से भी भी मिलेंगे। नीतीश के साथ आरजेडी नेता और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी रहेंगे।

ऐसा समझा जाता है कि नीतीश विपक्ष के नेताओं से मुलाकात करके जो फीडबैक ले रहे हैं उसकी जानकारी वे कांग्रेस अध्यक्ष और सोनिया गांधी से साझा करेंगे ताकि विपक्षी एकता को लेकर कुछ कॉमन बिंदुओं पर बात की जा सके और मतभेद के मुद्दों को सुलझाया जा सके।

नीतीश और तेजस्वी रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मिले थे और विपक्षी एकता पर चर्चा की थी। कर्नाटक में सिद्धरमैया के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के बड़े नेताओं के जुटने से कांग्रेस को ताकत मिली है।

कल केजरीवाल ने नीतीश और तेजस्वी से मुलाकात के दौरान उनसे दिल्ली सर्विसेज के मुद्दे पर समर्थन मांगा था जिसका सकारात्मक उत्तर दोनों नेताओं ने दिया था। नीतीश ने कहा कि जो लोग संविधान के खिलाफ काम कर रहे है, उनके खिलाफ लोग एकजुट हो रहे हैं।