Home Blog Page 339

अमेरिका में राहुल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना कहा- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने की बहुत कोशिश की लेकिन..

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों एक सप्ताह के लिए अमेरिका के तीन शहरों की यात्रा पर है। इस दौरान उम्मीद यह भी लगाई जा रही है कि राहुल गांधी भारतीय अमेरिकियों को संबोधित करने और वॉल स्ट्रीट के अधिकारियों तथा विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत करेंगे। साथ ही 4 जून को न्यूयॉर्क में जेविट्स सेंटर में एक सार्वजनिक सभा के साथ अपनी यात्रा समाप्त करेंगे।

राहुल ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय प्रवासियों की एक सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला और कहा कि, सरकार ने उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी थी, लेकिन कुछ भी काम नहीं आया और यात्रा का प्रभाव बढ़ गया। यह इसलिए हुआ क्योंकि भारत जोड़ो का विचार हर किसी के दिल में है।“

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा ने स्नेह, सम्मान और विनम्रता की भावना को आगे बढ़ाया। यदि कोई इतिहास का अध्ययन करे तो यह देखा जा सकता है। कि गुरु नानक देव जी, गुरु बसवन्ना जी, नारायण गुरु जी सहित सभी आध्यात्मिक नेताओं ने देश को एक समान तरीके से एकजुट किया।“

राहुल ने सैन फ्रांसिस्को में सामुदायिक कार्यक्रम में जातिगत जनगणना के लिए अपनी पार्टी के आह्वान को दोहराया और कहा कि, यह समाज के ‘एक्स-रे’ की तरह होगा, जो जातिगत भेदभाव की सीमा को प्रकट करेगा। न्याय और मनरेगा जैसी योजनाएं गरीबों को आर्थिक न्याय दिलाने में मदद करेंगी।“

आरएसएस और भाजपा पर हमला करते हुए राहुल ने कहा कि, वे देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिका के अपने छह दिवसीय दौरे के दौरान 52 वर्षीय राहुल गांधी के भारतीय-अमेरिकियों से बात करने, वॉल स्ट्रीट के अधिकारियों से मिलने और विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत करने की उम्मीद है।

आपको बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जून को अमेरिका जायेंगे। राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने उन्हें आमंत्रित किया है, साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति व प्रथम महिला 22 जून को पीएम मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

श्री वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए निकले यात्रियों से भरी बस जम्मू के करीब खाई में गिरी

एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत

अमृतसर : श्री वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए निकले यात्रियों से भरी बस जम्मू के करीब खाई में गिर गई। यह हादसा जम्मू के झझर कोटली के पास सुबह 5.30 बजे हुआ है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस अमृतसर से कटरा के लिए रवाना हुई थी। बस झज्जर कोटली इलाके में एक पुल से नीचे गिर गई। खाई गहराई 50 फीट के करीब है। घटना का कारण बस की ब्रेक फेल बताया जा रहा है। बस ने अपना संतुलन खो दिया और झझर कोटली पुल से नीचे गिर गई।

हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के अगले दो पहिए पुल के ऊपर ही रह गए। जबकि बस पलट कर खाई में गिरी। घटना में मारे गए 10 लोगों के शवों को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायलों का इलाज जम्मू के मेडिकल कॉलेज और प्राइमरी हेल्थ सेंटर में शुरू हो चुका है।

विजय दर्डा की नयी पुस्तक ‘रिंगसाइड…’ विमोचन पर बोले संजय बारू- क्षेत्रीय मीडिया बहुत अच्छा काम कर रहा है

दिल्ली में  मंगलवार को लोकमत मीडिया समूह के संपादकीय बोर्ड के अध्यक्ष और तीन बार के सांसद डॉ. विजय दर्डा द्वारा लिखित नयी पुस्तक ‘रिंगसाइड – अप, क्लोज एंड पर्सनल ऑन इंडिया एंड बियॉन्ड’ का विमोचन रफी मार्ग स्थित ‘कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ के स्पीकर हॉल में किया गया।

पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केरल के तिरुवनंतपुरम से लोक सभा सांसद शशि थरूर और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पूर्व सलाहकार और लेखक डॉ. संजय बारू रहे।

इस पुस्तक में डॉ विजय दर्डा के साप्ताहिक लेखों का एक मनोरम संकलन हैं, जो कि वर्ष 2011 और 2016 के बीच लोकमत मीडिया समूह समाचार पत्रों और देश के अन्य प्रमुख राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दैनिकों में प्रकाशित हुए थे। साथ ही दुनिया में सामाजिक, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रख्यात व्यक्तियों के बारे में प्रलेखित नोट्स और अंतर्दृष्टि पूर्ण टिप्पणियां भी शामिल हैं।

रिंगसाइड में विज्ञान, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विकास, सुरक्षा, कला, खेल, संस्कृति, विदेश नीति और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े शोध पूर्ण आलेख भी हैं।

संजय बारू ने कहा कि, “क्षेत्रीय मीडिया अधिक पत्रकारिता में अधिक परिपक्वता लाता है और यह तुलनात्मक रूप से अधिक केंद्रित होता है। क्षेत्रीय मीडिया आज भी बहुत अच्छा काम कर रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र का जिकर करते हुए आगे कहा कि मैं तेलंगा से आता हूं और विजय जी विदर्भ क्षेत्र से, दोनों ही जगहें भारत की विविधता को दर्शाती है। ”

पुस्तक विमोचन समारोह के मौके पर एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल, नेशनल काँफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और इंडिया टुडे टेलीविजन के सलाहकार संपादक राजदीप सरदेसाई भी मौजूद रहे।

बीते 24 घंटे में दिल्ली में एक और लड़की की हत्या, केजरीवाल ने एलजी से किया सवाल- ये क्या हो रहा है…

दिल्ली में बीते 24 घंटे में दूसरी हत्या की खबर सामने आयी हैं। पहले शाहबाद डेयरी में नाबालिग हिंदू लड़की की हत्या के बाद और अब दिल्ली के सिविल लाइन थाना इलाके के मजनूं टीला क्षेत्र से एक एक 22 वर्षीय युवती की खून में लथपथ लाश मिली हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि, “ये हमारी दिल्ली में क्या हो रहा है? कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। चारों ओर जंगल राज है। एलजी साहिब, कुछ तो कीजिए।“

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक वारदात की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना पुलिस की टीम ने मृतक लड़की की पहचान 22 साल की मनीषा छेत्री के तौर पर की है। मृतक लड़की दिल्ली के सफदरजंग इलाके की रहने वाली है। दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस को सपना नाम की एक महिला ने फोन पर 35 साल की रानी नाम की महिला की लाश छत पर होने की खबर दी थी। और खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गर्इ।

आपको बता दें, 29 मई को 16 साल की लड़की की दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गर्इ थी। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी साहिल ने लड़की के सिर को पत्थर और अपने जूतों तले करीब 10 बार कुचला। यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गर्इ थी। आरोपी साहिल को पुलिस ने बुलंदशहर से दबोच लिया है।

गंगा में मेडल बहाने के लिए निकले प्रदर्शनकारी पहलवान

विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, संगीता फोगाट और साक्षी मलिक समेत कई शीर्ष प्रदर्शनकारी पहलवान अपने मेडल गंगा में बहाने जा रहे है। सभी पहलवान हरिद्वार के लिए निकल चुके है।

स्टार पहलवान 23 अप्रैल से भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन शुरू किया था।

प्रदर्शनकारी पहलवानों ने संसद की नई इमारत के समीप उस दिन महिला महापंचायत का आह्वान किया जिस दिन पीएम मोदी ने इसका उद्घाटन करना था।

पुलिस ने पहलवानों पर कई धाराओं में एफआईआर भी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि पहलवानों ने रविवार को जिस दिन नए संसद भवन का उद्घाटन हुआ उस दिन बैरिकेड तोड़कर जंतर-मंतर से नए संसद भवन की ओर बढ़ने का प्रयास किया। जिसके बाद उनके और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। 

दिल्ली शराब नीति मामला: दिल्ली हाईकोर्ट ने मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका की रद्द

दिल्ली शराब नीति केस में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका मंगलवार को हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। अरविंद केजरीवाल सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने निचली अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

इस मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच कर रहा है। उच्च न्यायालय ने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ आरोप बेहद गंभीर हैं और जमानत देने पर गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता है। इस आधार पर हाईकोर्ट ने सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी है।

आपको बता दें, आप नेता मनीष सिसोदिया ने सुनवार्इ से पहले बदसलूकी के आरोप लगाए थे। और इस पर उन्होंने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में एक पुलिसकर्मी का मनीष सिसोदिया से बदसलूकी करने का एक कथित वीडियो भी जारी किया था।

मनीष सिसोदिया द्वारा लगाए गए आरोपों के जवाब में दिल्ली पुलिस ने कहा था कि उनके खिलाफ दुष्प्रचार हैं दिल्ली पुलिस ने कहा कि न्यायिक हिरासत में बंद किसी आरोपी का मीडिया को बयान देना कानून के खिलाफ है।

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में नाबालिग को चाकुओं से गोदा फिर पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 साल की नाबालिग लड़की की चाकुओं से  35 बार गोदकर हत्या करने की कोशिश की और जब उसने दम नहीं तोड़ा तो भारी भरकम पत्थर से उसका सिर कुचल कर हत्या कर दी।

हत्या करने वाला 20 साल का युवक आरोपी साहिल बुलंदशहर से गिरफ्तार हुआ है। यह दर्दनाक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। और फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि घटना के समय कई लोग वहां से गुजरते हुए दिख रहे है लेकिन किसी ने भी नाबालिग को बचाने के कोशिश नहीं की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी साहिल की उम्र 20 साल का है और नाबालिग के साथ उसकी दोस्ती थी। लेकिन कल किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हुआ था।

डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि, “एक 16 साल की लड़की को 40-50 बार चाकू मारा गया और फिर पत्थर से कई बार वार किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह सब सीसीटीवी में कैद हुआ है। वहां कई लोगों ने इस घटना को देखा, लेकिन कुछ नहीं किया। दिल्ली में महिलाएं और लड़कियां बेहद असुरक्षित हैं मैं गृह मंत्रालय, दिल्ली एलजी, डीसीडब्ल्यू प्रमुख और दिल्ली के सीएम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की अपील करती हूं।“

कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि, दिल्ली में आज 16 साल की बेटी को 35 बार चाकुओं से गोदा गया और जब उसने दम नहीं तोड़ा तो पत्थर से उसका सिर कुचल कर उसकी हत्या की गई। कहां से हौसले बुलंद होते है इन अपराधियों के पूछना चाहती हूं राजधानी दिल्ली में कोई और नहीं इनके आदर्श बृजभूषण शरण सिंह जैसे अपराधी है। हम देश के प्रधानमंत्री जी से कहते है आंखें खोलिए सच्चाई को स्वीकार करिए और न्याय करिए देश की बेटियों के साथ।“

इसरो ने श्रीहरिकोटा से नेविगेशन सैटेलाइट किया लॉन्च

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने आज श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से नई पीढ़ी का नेविगेशन सैटेलाइट को सुबह लॉन्च किया गया। जीएसएलवी-एफ 12 ने नौवहन उपग्रह एनवीएस-01 को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित किया।

इस मौके पर इसरो ने कहा कि, अब इस सेटेलाइट की मदद से हमारे पास और भी बड़े पेलोड लॉन्च करने की क्षमता है। इस सैटेलाइट का नाम है एनवीएस-01, जिसे जीएसएलवी-एफ12 रॉकेट के जरिए लॉन्च पैड-2 से छोड़ा गया। यह उपग्रह भारत और मुख्य भूमि के आसपास लगभग 1500 किलोमीटर के क्षेत्र में तात्कालिक स्थिति और समय संबंधी सेवाएं प्रदान करेगा।

इसरो ने कहा, प्रक्षेपण के करीब 20 मिनट बाद रॉकेट लगभग 251 किमी का ऊंचाई पर भूस्थिर स्थानांतरण कक्षा (जीटीओ) में उपग्रह को स्थापित करेगा। एनवीएस-01 अपने साथ एल 1, एल 5 और एस बैंड उपकरण ले जा रहा है। पूर्ववर्ती की तुलना में दूसरी पीढ़ी के उपग्रह में स्वदेशी रूप से विकसित रूबिजियम परमाणु घड़ी भी हैं। और यह पहली बार है जब स्वदेशी रूप से विकसित रूबीजियम परमाणु घड़ी का सोमवार के प्रक्षेपण में इस्तेमाल किया जा रहा है।

गहलोत और पायलट आज दिल्ली तलब, खरगे की उनमें सहमति की कोशिश

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को आज दिल्ली तलब किया है। खरगे दोनों से अलग-अलग मिलकत करेंगे। दोनों के बीच लंबे समय से चल रही लड़ाई को ख़त्म करने के उद्देश्य से कांग्रेस आलाकमान अब सख्त रुख अपना सकती है।

खरगे दिल्ली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। खरगे ने यह बैठक नाराज चल रहे सचिन पायलट के उस अल्टीमेटम के बाद बुलाई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर राज्य सरकार से की गई उनकी तीन मांगों को इस महीने के अंत तक पूरा नहीं किया गया तो वह राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।

पायलट की एक मांग है कि पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही वह रद्द हुई परीक्षा का मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं।

कहा जा रहा है कि खरगे गहलोत और पायलट को एक मंच पर लाने के लिए उनसे अलग-अलग मुलाकात करेंगे। खरगे ही कर्नाटक में सिद्धरमैया और डी के शिवकुमार को भी साथ में लाने में सफल रहे थे जिसके बाद कांग्रेस ने वहां बंपर जीत चुनाव में हासिल की।

मणिपुर हिंसा में 5 लोगों की मौत, 40 सशस्त्र उग्रवादी मारे: सीएम

मणिपुर में हालात नहीं संभल रहे। वहां दोबारा भड़की हिंसा में 5 लोगों की मौत हो गयी है। गृह मंत्री मणिपुर की स्थिति का जायजा लेने के लिए आज से तीन दिन के लिए राज्य का दौरा कर रहे हैं।

मणिपुर में रविवार को ताजा हिंसा भड़कने के बाद एक पुलिसकर्मी सहित कम से कम पांच लोगों की जान चली गयी है। कमसे कम 12 अन्य लोग घायल हो गए हैं। गैर सरकारी आंकड़ों  के मुताबिक पिछले महीने जातीय हिंसा में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई थी।

अब नई हिंसा में मणिपुर के विभिन्न इलाकों में लोगों पर गोलीबारी और उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक इंफाल पश्चिम जिले के फयेंग में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

सुगनू में हुई गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। वहां छह और सेरौ में चार अन्य लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ताजा संघर्ष तब शुरू हुआ जब सेना ने शांति कायम करने के लिए समुदायों को हथियारों से मुक्त करने को लेकर तलाशी अभियान शुरू किया।

सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि सुरक्षा बलों ने राज्य में शांति कायम करने के लिए अभियान शुरू करने के बाद से घरों में आगजनी और लोगों पर गोलीबारी करने में शामिल लगभग 40 सशस्त्र उग्रवादियों को मार गिराया है। सीएमओ ने दावा किया कि हालिया दौर की ‘झड़प समुदायों के बीच नहीं बल्कि कुकी उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई है’।