
तहलका ब्यूरो।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की First anniversary के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम की जमकर सराहना की है। उन्होंने इस अभियान को भारत के इतिहास का एक युगांतकारी मोड़ बताते हुए कहा कि यह ऑपरेशन दुश्मनों को हमारी सेना की अचूक प्रहार क्षमता की हमेशा याद दिलाता रहेगा।
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किए गए अपने संदेश में स्पष्ट किया कि सटीक खुफिया जानकारी और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के दम पर सीमा पार आतंकवाद के ठिकानों को नष्ट कर भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है।
गौरतलब है कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देने के लिए सात मई को यह सैन्य कार्रवाई की गई थी, जिसमें पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि अब देश के दुश्मन कहीं भी छिप जाएं, वे भारत की मारक क्षमता से बच नहीं पाएंगे।



