तहलका डेस्क।
वाशिंगटन। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की निजी क्षेत्र की प्रगति की दुनिया भर में सराहना हो रही है। इसी क्रम में स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क ने बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप गैलेक्सआई को उसके ‘मिशन दृष्टि’ उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर शुभकामनाएं दी हैं।
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की, जिसमें उन्होंने इस मिशन को भारत की अंतरिक्ष यात्रा का एक मील का पत्थर बताया था। मस्क की यह संक्षिप्त और प्रभावशाली बधाई वैश्विक स्तर पर भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप्स के बढ़ते कद को रेखांकित करती है। गैलेक्सआई का यह उपग्रह दुनिया का पहला ‘ऑप्टोसार’ (OptoSAR) सैटेलाइट होने के साथ-साथ भारत में निर्मित सबसे बड़ा निजी उपग्रह भी है।

GalaxEye Mission Drishti: ‘मिशन दृष्टि’ सैटेलाइट के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए रविवार को कैलिफोर्निया से लॉन्च किया गया…
इसे रविवार को कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के शक्तिशाली फाल्कन-9 रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस उपलब्धि को देश के युवा वैज्ञानिकों के जुनून और नवाचार का प्रमाण बताते हुए कहा कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक बड़ी छलांग है। यह मिशन न केवल तकनीकी रूप से उन्नत है बल्कि यह निजी क्षेत्र की भागीदारी के जरिए अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को भी नया विस्तार दे रहा है।




