हॉकी विश्व कप का रंगारंग आगाज

ओडिशा के सीएम ने किया उदघाटन, भारत का पहला मैच कल

भुवनेश्वर में मंगलवार की शाम रोशनियों, संगीत और नृतय की शाम थी। मौका था हॉकी विश्व कप के उद्घाटन का। और स्टेज पर तमाम बड़ी हस्तियां मौजूद थीं –  माधुरी दीक्षित, शाहरुख खान और  एआर रहमान। उदघाटन किया ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने और इसके बाद एक-से-बढ़कर-एक लाजवाब प्रस्तुतियों ने। भारत का पहला मैच बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा।

मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने संगीत की जादूई स्वरलहरियां छेड़ दर्शकों के दिल में संगीत के तार झंकृत कर दिए। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने ‘धरती का गीत’ नृत्य नाटिका १००० कलाकारों के साथ प्रस्तुत की और जवाब में दर्शकों की वाह-वाह ने कार्यक्रम स्थल को गूंजा दिया। इस नृत्य नाटिका की लेखिका और निर्देशिका नुपुर महाजन हैं और माधुरी ने इसमें धरती मां की भूमिका निभाई।

समारोह में अभिनेता शाहरुख खान ने अपने अंदाज में एंट्री ली। दर्शकों के शोर के बीच खान ने कहा कि हॉकी बचपन से उनका प्यार रहा है। उनके पिता भी एक हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। खान ने अपनी फिल्म ”चक दे इंडिया”, जिसमें उन्होंने भारतीय महिला हॉकी के कोच की भूमिका निभाई थी, का  डायलॉग सुनकर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया।

उदघाटन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने २८ नवंबर से १६ दिसंबर के बीच होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए दुनिया भर से आए हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें ४.५ करोड़ ओडिशावासियों  का मेहमान बताया।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर सिंह बतरा ने कलिंगा स्टेडियम को दुनिया के सबसे बेहतरीन स्टेडियमों में बताया और इस शानदार स्वागत के लिए  ओडिशा के मुख्यमंत्री का आभार जताया। रतीय टीम अपना अभियान दक्षिण अफ्रीका से बुधवार को शुरू करेगी और यह मैच शाम ७ बजे होगा। इससे पहले बेल्जियम और कनाडा के बीच मुकाबला शाम पांच बजे से शुरू होगा। इस विश्व कप में कुल १६ देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।