हिमाचल आप अध्यक्ष भाजपा में शामिल, सिसोदिया बोले उसे पार्टी से निकाला जा रहा था

हिमाचल प्रदेश में  बाद अपनी सरकार बनाने का सपना देख रही आम आदमी पार्टी (आप) को शनिवार तब झटका लगा जब उसके प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी सहित तीन बड़े पदाधिकारी भाजपा में शामिल हो गए। इन नेताओं को भाजपा में शामिल करने के समय केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, जिन्हें भाजपा में हिमाचल के भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है, के अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उपस्थित थे। उधर आप ने दवा किया है कि वह अनूप केसरी सहित भाजपा में जाने वाले अन्य नेताओं को उनकी गतिविधियों के चलते पार्टी से बाहर करने की पहले से ही तैयारी कर रही थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आम आदमी पार्टी के हिमाचल के अध्यक्ष अनूप केसरी और संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर के अलावा ऊना जिले के अध्यक्ष इक़बाल सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर इन तीनों नेताओं को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पहुंचे और पार्टी में शामिल कराया।

अनुराग ठाकुर को लेकर चर्चा है कि पार्टी उन्हें अगले विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल में मुख्यमंत्री पद का जिम्मा दे सकती है, क्योंकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पार्टी को चुनाव जीता सकने की क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं।

याद रहे इसी हफ्ते आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने हिमाचल के मंडी में रोड शो कर ताकत दिखाने की कोशिश की थी। उप मुख्यमंत्री आप नेता मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि जनता आप से जुड़ रही है।

उधर आप नेतृत्व ने कहा है कि पार्टी पहले ही अनूप केसरी को पार्टी से निकालने की तैयारी कर रही थी। पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाली पार्टी की डर का हालत यह है कि रात को 12 बजे उनके प्रेसिडेंट और केंद्रीय मंत्री आप के एक ऐसे व्यक्ति को भाजपा में शामिल कराते हैं, जिसके खिलाफ शिकायत है कि वो महिलाओं के खिलाफ गन्दी बातें करता है। आज हम उसे पार्टी से निकालने वाले थे और हमने उसे बुलाकर बता दिया था कि उन्हें निकाले रहे हैं।’