सोलन हादसे में अब तक १२ शव निकले

मलबे में दबे और लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू जारी

हिमाचल प्रदेश के सोलन के पास रविवार शाम होटल भवन गिरने के हादसे में अब तक मलबे से १२ शव निकाले जा चुके हैं। इनमें ११सेना के जवान हैं। होटल मालिक की पत्नी की भी इस हादसे में मौत हो गयी।

कुम्हारहट्टी-नाहन मार्ग पर हुए इस हादसे में रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरने के मामले की न्यायिक जांच के आदेश सरकार ने दिए हैं। रविवार देर रात और सोमवार सुबह  ९ और शव मलबे से  निकाले गए हैं। मलबे से अभी तक १२ शव निकाले जा चुके हैं जिनमें ९ सेना के जवान हैं। माना जा रहा कि दो और जवान अभी मलबे में दबे हैं।

अभी मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू आपरेशन जारी है। रविवार शाम सेना के एक जवान और रेस्टोरेंट मालिक की पत्नी का शव निकाला गया था।  और इसके बाद देर शाम जवानों के पांच और शव निकाले गए, जबकि तीन शव सोमवार सुबह आठ बजे निकाले।

डीसी सोलन के मुताबिक अब तक कुछ आर्मी जवानों सहित २३ लोगों को बचाया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रविवार शाम कुम्हारहट्टी-नाहन मार्ग पर कुम्मारहट्टी से आधा मील दूर एक रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरने से असम राइफल के ३० जवानों सहित ४२ लोग मलबे में दब गए थे।

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ने सोमवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया। इसी मौके पर उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए। जयराम ने घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया।