सिद्धू मूसेवाला को गोली मारने वाले आठ शूटरों में से एक गिरफ्तार

कांग्रेस नेता व पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को गोली मारने वाले आठ शूटरों में से एक शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह अभी तक की दसवीं गिरफ्तारी है।

पुलिस के विशेष आयुक्त एच एस धालीवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि, पुलिस ने गायक और कांग्रेस नेता मूसेवाला हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर के करीबी सहयोगी सिद्धेश हिरामन काम्ले उर्फ महाकाल को गिरफ्तार कर लिया है।

सिद्धेश हिरामन काम्ले उर्फ महाकाल को महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में मकोका के एक मामले के तहत पुणे से गिरफ्तार किया गया है। और वह फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस की 14 दिनों की हिरासत में है। साथ ही पुलिस ने हत्याकांड में शामिल अन्य पांच लोगों की पहचान भी की है।

आपको बता दें,मानसा जिले में 29 मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला को गोली मारकर हत्या कर दी थी। 28 वर्षीय मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई था। इस समय लॉरेंस बिश्नोई दिल्ली पुलिस की हिरासत में है। हालांकि इस बात की अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है कि दिल्ली की अति सुरक्षित तिहाड़ जेल में कैद लॉरेंस बिश्नोई ने हत्या की साजिश कैसे रची।