मुंबई में ५३ पत्रकारों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव निकली

डाक्टरों और चिकित्सा स्टाफ के बाद अब ज़मीन पर काम कर रहे पत्रकारों में भी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक अकेले मुंबई में ५३ पत्रकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

महाराष्ट्र, जहाँ कोरोना मामले सबसे ज्यादा हैं, के मुंबई में ४-५ नहीं, ५३ पत्रकारों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस खबर ने देश भर के मीडिया संस्थानों में हड़कंप मचा दिया है। इन कोरोना संक्रमित मीडियाकर्मियों में टीवी रिपोर्टर, कैमरामैन और प्रिंट के पत्रकार/फोटोग्राफर शामिल हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन लोगों में कोरोना जैसे कोइ लक्षण ही नहीं थे, हालांकि टेस्ट में यह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

इन पत्रकारों के पॉजिटिव होने की जानकारी तब सामने आई जब महाराष्ट्र की टीवी पत्रकारों की संस्था ”टीवी जर्नलिस्ट एसोसिएशन” ने शनिवार को इन पत्रकारों का कोरोना का टेस्ट करवाया।

इस टेस्ट अभियान में १६७ पत्रकारों के टेस्ट हुए।  अब आज (सोमवार) को जब इनकी रिपोर्ट सामने आई तो सभी चौंक गए। इनमें से ५३ पत्रकार पॉजिटिव मिले।

अब यह संस्था इन पत्रकारों के बेहतर इलाज की कोशिशों में जुट गयी है। साथ ही वहां पत्रकारों के लिए हिफाजती गाइडलाइन भी जारी की गयी है।

यह भी कहा गया है कि एकाध दिन में मुंबई में अब अन्य पत्रकारों का भी टेस्ट करवाया जायेगा। जो पत्रकार पॉजिटिव मिले हैं वे हाल तक कई मंत्रियों, नेताओं आदि की प्रेस कांफ्रेंस में शामिल होते रहे हैं। अब संभावना है कि जल्दी ही इनके परिजनों के भी टेस्ट करवाए जायेंगे।