महंगाई के खिलाफ दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई से जनता परेशान है। इसी बीच घरेलू गैस सिलेंडर पर बढ़ती कीमत से जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नई दिल्ली के शास्त्री भवन, पेट्रोलियम मंत्रालय के बाहर बढ़ती महंगाई पर विरोध प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इस्तीफे की मांग की। विरोध प्रदर्शन में नारेबाजी कर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने व एलपीजी पर बढ़ते दाम वापस लेने की मांग की जा रही है।

सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर निशाना साधाते हुए दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव अर्जुन मारवा ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि जब देश में कोरोना महामारी का महाकाल चल रहा है, देश की अर्थव्यवस्था भी बिगड़ी हुई है। इस बीच वे तेल की कीमतों में दिन-प्रतिदिन इजाफा क्यों किया जा रहा है?  मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं की बढ़ती महंगाई के पीछे का कारण जनता को बताया जाए।“

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) राष्ट्रीय सचिव खुशबू शर्मा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के समय एलपीजी के दाम 414 थे, उस समय भाजपा की महिला मंत्रियों ने रोड़ पर बढ़े दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया था और आज जब देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से डगमगार्इ हुई है, साथ ही कोरोना के कारण लोगों ने नौकरियां भी चली गर्इ तो इस दौरान लगातार अलग-अलग चीजों के दामों में बढ़ोतरी क्यों की जा रही है। केंद्र सरकार जनता को इसका जवाब दें।“

कुछ समय पहले भी पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए थे और इसी प्रकार तब भी कांग्रेस पार्टी ने देश के कई हिस्सों में केंद्र सरकार की गलत नीतियों और बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालांकि पार्टी का कोई बड़ा चेहरा इस विरोध प्रदर्शन में नहीं दिखा। विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों की संख्या 60 के करीब थी।