तीरथ के इस्तीफे के बाद भाजपा विधायक उत्तराखंड में आज करेंगे नए नेता का चयन  

सिर्फ 114 दिन तक (उत्तराखंड के इतिहास में सबसे काम समय तक) मुख्य्मंत्री रहने वाले तीरथ सिंह के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड भाजपा में मुख्यमंत्री बनने वालों की फेहरिस्त लम्बी होती जा रही है। कहने को भाजपा आज शाम विधायल दल की बैठक कर नया नेता चुनेगी, लेकिन जानकारी के मुताबिक भाजपा आलाकमान ने पर्यवेक्षकों नरेंद्र तोमर और पुरंदेश्वरी को अपनी पसंद बता दी है और बैठक औपचारिकता मात्र है। नया नेता आज ही राज्यपाल से मिलकर शपथ ग्रहण के लिए वक्त मांग सकता है।
फिलहाल यह बैठक के बाद ही साफ़ होगा कि उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा लेकिन फिलहाल सतपाल महाराज और धन सिंह रावत से लेकर त्रिवेंद्र सिंह रावत तक का नाम चर्चा में है। वरिष्ठ विधायक बिशन सिंह चुफाल, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, अजय भट्ट, पुष्कर सिंह धामी, अनिल बलूनी, ऋतू खंडूड़ी और रेखा आर्य कुछ और नाम हैं जिनकी चर्चा है।
वैसे तीरथ रावत के इस्तीफा देने के कारण भाजपा को फ़ज़ीहत झेलनी पड़ी है। वैसे भी अगले चुनाव से पहले भाजपा अपनी हालत बेहतर करना चाहती हैं क्योंकि उसके आंतरिक सर्वे बता रहे हैं कि सरकार का कामकाज ऐसा नहीं रहा है कि वो अगला चुनाव जीतने की गारंटी बन सके। तीरथ रावत 114 दिन तक मुख्यमंत्री रहे लेकिन अपनी या सरकार की कोई पहचान बनाना तो दूर, अपने विवादित बयानों से उन्होंने भाजपा की फ़ज़ीहत ही करवाई।
प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में जाहिर है ज्यादा समय नहीं बचा है और इसी दौरान भाजपा को अपनी स्थिति पटरी पर लानी है। आज की बैठक के लिए केंद्र के दूत नरेंद्र सिंह तोमर और पुरंदेश्वरी देहरादून पहुँच गए हैं। वे वहां भाजपा नेताओं से मिल रहे हैं। शाम 3 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होनी है। नया नेता आज ही राज्यपाल से मिलकर शपथ ग्रहण के लिए वक्त मांग सकता है।