ब्रेकिंग न्यूज़: कारगिल शहीद की पत्नी और हरियाणा भाजपा की नेता सुधा यादव बनीं कर्नाटक की राज्यपाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की; ओम माथुर केरलम स्थानांतरित, दुष्यंत गौतम को सिक्किम की कमान

हरियाणा भाजपा की वरिष्ठ नेता सुधा यादव को कर्नाटक का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की। सुधा यादव कारगिल युद्ध में शहीद हुए बीएसएफ के पूर्व डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं। वह भाजपा के सर्वोच्च निर्णय लेने वाले निकाय संसदीय बोर्ड की एकमात्र महिला सदस्य भी हैं।

गुरुग्राम की रहने वाली सुधा यादव की इस संवैधानिक पद पर नियुक्ति को भाजपा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के रूप में देखा जा रहा है। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले ही उनके बेटे सिद्धार्थ यादव को भाजपा का मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया गया था।

सुधा यादव ने रसायन विज्ञान में 1987 में एमएससी और 1992 में पीएचडी की उपाधि आईआईटी रुड़की से प्राप्त की। उन्हें राष्ट्रपति गाइड पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने 1999 में चुनावी राजनीति में कदम रखा था। उस समय हरियाणा भाजपा के प्रभारी रहे नरेंद्र मोदी ने उनकी उम्मीदवारी का प्रस्ताव रखा था। भाजपा ने उन्हें राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ लोकसभा चुनाव में उतारा था। सुधा यादव ने इस चुनाव में लगभग 1.39 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

पांच अन्य राज्यों में भी राज्यपाल नियुक्त

राष्ट्रपति मुर्मू ने सुधा यादव की नियुक्ति के साथ पांच अन्य राज्यों में भी राज्यपालों की नियुक्तियों और तबादलों की घोषणा की।

  • केरलम: सिक्किम के निवर्तमान राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • सिक्किम: भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और दिल्ली के वरिष्ठ दलित नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाया गया है।
  • तमिलनाडु: केरल के निवर्तमान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • ओडिशा: ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • उत्तराखंड: धाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है।

छह राज्यों में की गई ये नियुक्तियां देश में राज्यपालों के स्तर पर एक महत्वपूर्ण फेरबदल का संकेत हैं।