रामविलास पासवान का कल पटना में अंतिम संस्कार, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान, जिनका गुरुवार रात निधन हो गया था, को विभिन्न नेताओं ने शुक्रवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर श्रद्धांजलि दी। इनमें प्रधानम्नत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई नेताओं ने  श्रद्धांजलि दी। उनकी देह को आज पटना ले जाय जाएगा, जहाँ शनिवार को उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पासवान के निधन के बाद राष्ट्रपति भवन, संसद भवन पर राष्ट्र ध्वज को आधा झुका दिया गया है। पासवान 74 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से काफी बीमार थे। उन्हें देश के बड़े दलित नेताओं में एक माना जाता है। उनके निधन की खबर आते ही कई नेताओं ने शोक जताया जिनमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेता शामिल हैं।

उनके बेटे चिराग पासवान ने कल शाम ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी थी।  पासवान के निधन की सूचना के बाद सियासी गलियारे में शोक की लहर है। उनके सम्मान में शुक्रवार को राजकीय शोक की घोषणा की गई है और इस दौरान तिरंगा आधा झुका रहेगा।

पासवान का पार्थिव शरीर सुबह दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंच गया। पीएम मोदी ने उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और दुखी परिवार को ढांढस बंधाया। उनके साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी थे। मोदी ने उनके बेटे चिराग पासवान के कंधे पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया। इस दौरान रामविलास पासवान की पत्नी भी वहां पर मौजूद थीं।

बता दें पासवान पिछले तीन दशक में कमोवेश हरेक सरकार में मंत्री रहे। उन्हें राजनीति का मौसम विज्ञानी भी माना जाता था। इस बार भी उनकी पार्टी एलजेपी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-जेडीयू गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ रही जिसके बाद कई कयास लगाए जा रहे हैं।