
रिपोर्टर प्रिया तिवारी
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए बिल्डिंग हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
अचानक भरभराकर गिर गई बहुमंजिला इमारत
सत्य निकेतन इलाके में PG के तौर पर इस्तेमाल की जा रही एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF, CATS एम्बुलेंस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक और व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। अब तक कुल 11 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि मृतकों की संख्या 6 हो गई है।
बिल्डिंग मालिक हरिओम के खिलाफ FIR
हादसे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बिल्डिंग मालिक हरिओम और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस हादसे की वजह और कथित लापरवाही की जांच कर रही है। वहीं, मामले में कथित आरोपियों को ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं।
MCD ने बिल्डिंग नंबर 13 को गिराने का आदेश दिया
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने इलाके की बिल्डिंग नंबर 13 को खाली कराने और तीन दिन के भीतर गिराने का आदेश दिया है। MCD के मुताबिक, यह इमारत जर्जर और खतरनाक स्थिति में है। इससे वहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के लोगों और राहगीरों को भी खतरा हो सकता है।
निगम के आदेश के मुताबिक, अगर तय समय सीमा में इमारत को नहीं गिराया गया तो MCD खुद इसे गिराने की कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई में आने वाला खर्च बिल्डिंग मालिक से बकाया टैक्स के रूप में वसूला जाएगा।
चार मंजिल से ज्यादा ऊंचे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
हादसे के बाद MCD ने चार मंजिल से ज्यादा ऊंचे अवैध निर्माणों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों को ऐसे निर्माणों की पहचान कर उन्हें सील करने के निर्देश दिए गए हैं।
MCD ने यह भी कहा है कि अगर किसी अवैध निर्माण को बनने देने में किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मेयर प्रवेश वाही ने दी सख्त चेतावनी
दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की बात कही।
जर्जर और अवैध इमारतों पर उठे सवाल
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में जर्जर और अवैध निर्माणों की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। MCD की ओर से अवैध और खतरनाक इमारतों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश के बाद आने वाले दिनों में ऐसे निर्माणों पर कार्रवाई तेज होने की संभावना है। फिलहाल सत्य निकेतन में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।



