
स्नेहलता
विमानों में तकनीकी खराबी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बेंगलुरु से लंदन जा रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को वापस बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतार दिया। विमान में करीब 270 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद आई तकनीकी खराबी
जानकारी के मुताबिक, वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह करीब 8:20 बजे लंदन के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी का पता चला।
स्थिति को देखते हुए विमान ने तुमकुरु के आसपास करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक आसमान में चक्कर लगाया। इसके बाद पायलट ने विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट लाने का फैसला किया।
सभी यात्री सुरक्षित
एयरपोर्ट के संचालक बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL) से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विमान की एहतियाती इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। फिलहाल तकनीकी खराबी की सटीक वजह सामने नहीं आई है। एयरलाइन और संबंधित तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है।
हाल में कई फ्लाइट्स में सामने आई तकनीकी दिक्कतें
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अलग-अलग एयरलाइंस की उड़ानों में तकनीकी समस्याओं के कारण इमरजेंसी या एहतियाती लैंडिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हाल ही में वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म बजने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी।
वहीं गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसके बाद विमान को वापस एयरपोर्ट लाया गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विमान संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर तकनीकी जांच और मेंटेनेंस व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित कर दिया है।



