रिपोर्टर: प्रिया तिवारी
राजस्थान में लोकतंत्र का त्योहार मनाया जा रहा है। नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान आज पूरे प्रदेश में शुरू हो गया है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। बड़े उत्साह के साथ लोग अपने घरों से मतदान के लिए निकल रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में वोट डाले जा रहे हैं। इनमें 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाएं शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 5,425 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें से कुछ वार्डों में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं और वोटिंग प्रक्रिया जारी है।
पहले चरण के लिए कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण में 5,393 पार्षद पदों के लिए 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन चार नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है, उनमें बीकानेर, अलवर, भरतपुर और भीलवाड़ा शामिल हैं।
जयपुर जिले की 19 में से 18 नगर निकायों में भी आज मतदान हो रहा है। इसके लिए जिले में 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बाड़मेर में दो चरणों में मतदान
कुछ निकायों में चुनाव दो चरणों में कराया जा रहा है। बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए आज, 9 सितंबर को पहले चरण में मतदान हो रहा है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।
दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 14 सितंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना होगी।
दो चरणों में होंगे 309 नगरीय निकायों के चुनाव
राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में आज 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। इसके बाद 14 सितंबर को सभी निकाय चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों के जरिए लाखों मतदाता अपने स्थानीय प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। अब देखना होगा कि जनता किसे चुनकर जीत का ताज पहनाती है।




