
रिपोर्टर प्रिया तिवारी
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच भारत की GDP ग्रोथ 7.8% रही। इन आंकड़ों के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार की तारीफ की और विपक्ष पर बिना नाम लिए निशाना साधा।
‘निराशावाद और झूठ की गूंज’ फैलाने वालों पर तंज
पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया इस समय कई तरह की परेशानियों और अनिश्चितताओं से गुजर रही है, लेकिन भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसके बावजूद कुछ लोग ‘निराशावाद और झूठ की गूंज’ फैलाने में लगे हैं। पीएम मोदी की इस टिप्पणी को राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
GDP की रफ्तार बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती GDP की इस रफ्तार को बनाए रखना है। इसके लिए उन्होंने लोगों से स्वदेशी चीजों को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की।
विदेश जाने के बजाय भारत में घूमने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि छुट्टियां मनाने के लिए विदेश जाने के बजाय अगर लोग भारत में ही घूमने जाएं, तो इसका सीधा फायदा देश की अर्थव्यवस्था को होगा। इसी तरह उन्होंने विदेश में शादी करने के बजाय ‘भारत में शादी करो’ को बढ़ावा देने की बात कही।
जरूरत के बिना सोना खरीदने से बचने की अपील
लोगों से जरूरत के बिना सोना खरीदने से बचने की भी अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि जब देश में पैसा और कारोबार बढ़ेगा, तो इसका फायदा भारतीय अर्थव्यवस्था के साथ-साथ देश के युवाओं को भी मिलेगा।


