Home Blog Page 505

स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले का खतरा; पतंगों, बैसाखियों पर भी रहेगी नजर

खुफिया एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। एजेंसियों का कहना है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों की तरफ से ड्रोन भारत में पहुंचे हैं। इन इनपुट्स के बाद सुरक्षा और चाक चौबंद कर दी गयी है।

बता दें देश इस साल आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसके लिए व्यापक तैयारियां की गईं हैं। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अपने हरकतों से बाज नहीं आ रहे और हमले की फिराक में हैं।

इस खास दिवस पर खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली में आतंकी हमले का हाई अलर्ट जारी किया है। आईबी ने कहा है कि पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते पंजाब से होते हुए ड्रोन के जरिए कई आईईडी भारत के अलग-अलग शहरों में पहुंचे हैं।

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक हाल में पंजाब और अन्य राज्यों में पकड़े गए आतंकियों ने बताया है कि ड्रोन के जरिये बड़ी संख्या में आईईडी भारत भेजे गए हैं। ड्रोन के जरिए हथियार, जिसमें एके-47 शामिल हैं, भारत में कुछ जगह भेजे गए हैं। लोन वुल्फ अटैक के इनपुट्स भी सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस को दिए हैं। खासकर भीड़ में हमला होने की आशंका जताई गयी है।

इसके अलावा इंटेलीजेन्स ब्यूरो ने पतंगों के जरिए हमले की आशंका भी जताई है। लिहाजा कड़ी स्क्रीनिंग के निर्देश जारी किये गए हैं। लाल किले के आस-पास पतंगों को बैन कर दिया गया है और कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किये गए हैं। साथ ही बैसाखी को भी शक के दायरे में रखा गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी फिर कोरोना पॉजिटिव हुईं, खुद को आइसोलेट किया

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी फिर कोरोना पॉजिटिव हो गयी हैं। तीन दिन पहले उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कोरोना पॉजिटिव हो गयी थीं। सोनिया गांधी जुलाई में भी कोविड-19 से संक्रमित हुई थीं और बाद में स्वस्थ हो गयी थीं।

सोनिया के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को एक ट्वीट में दी है। उन्होंने ट्वीट में कहा – ‘आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।’

याद रहे कुछ दिन पहले उनकी बेटी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी कोविड से संक्रमित हो गई थीं। खुद सोनिया गांधी भी जुलाई में भी कोविड से संक्रमित हुई थीं। कोरोना वायरस संक्रमण के बाद की स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते वह कई दिनों तक सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रही थीं।

जयराम रमेश का ट्वीट – @Jairam_Ramesh Congress President Smt.Sonia Gandhi has tested positive for Covid-19 today. She will remain in isolation as per Govt. protocol. आज कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।

आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरु, गृह मंत्री अमित शाह ने आवास पर फहराया तिरंगा

भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा है। और आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सरकार ने स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया है। यह अभियान 13 अगस्त यानी आज से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों से अपील की है कि वे सभी अपने घरों पर आजादी के इस अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा फहराएं। सभी लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा झंडा फहराएंगे।

आज से देश में शुरू हुई ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ मिलकर अपने आवास पर तिरंगा फहराया। इसकी सूचना गृह मंत्री ने 12 अगस्त को ही दे दी थी कि वे शनिवार को अपने घर पर तिरंगा फहराएंगे।

आपको बता दें, अभियान के तहत इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने आज सुबह 14 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया है। साथ ही लद्दाख में इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने 18,400 फीट ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है।

इसी के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस अवसर पर लोगों से अपील की है कि सभी लोग तिरंगा लगाए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “तिरंगा हमारी आन है, तिरंगा हमारी बान है, तिरंगा हमारी शान है, तिरंगा हमारी जान है। आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो रहा है। आप भी गर्व से अपने घर पर तिरंगा ज़रूर लगायें।”

राजू श्रीवास्तव की हालत स्थिर, अफवाहों पर भरोसा न करें : परिवार का बयान

स्टैंड अप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सेहत को लेकर ने एक स्टेटमेंट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि राजू की तबीयत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रख रही है।

कुछ दिन पहले जिम में कसरत करते हुए उनकी गयी थी और अस्पताल में डाक्टरों ने बताया था कि उन्हें दिल का दौरान पड़ा था। वे दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं और कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया था कि एहतियातन उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

अब उनके परिजनों ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है – ‘राजू श्रीवास्तव की तबीयत स्थिर है। हम उनके शीघ्र ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रख रही है। आप सभी शुभचिंतकों को उनके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया।’

परिजनों ने इस पोस्ट के साथ अभिनेता की एक फोटो भी शेयर की है। इसमें डाली गयी कैप्शन में लिखा गया है – ‘आप सबसे अपील है कि अफवाहों या फर्जी खबरों पर ध्यान न दें। कृपया राजू श्रीवास्तव जी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।’ बता दें कि राजू को दिल के दौरे की खबर के बाद उनके लाखों प्रशंसकों में चिंता पसर गयी और वे उनके लिए लगातार दुआ कर रहे हैं।

दिल्ली, महाराष्ट्र सहित चार राज्यों में कोविड-19 के रोजाना 1000 मामले

भारत में कोविड-19 के मामलों में उछाल के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा राजधानी दिल्ली उन चार राज्यों में शामिल है जहाँ हर रोज 1000 से ज्यादा मामले आ रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 2,136 नए कोरोना मामले सामने आये हैं। अन्य राज्यों में कर्नाटक में 2032, महाराष्ट्र में 1975, केरल में 1120 और उत्तर प्रदेश में 993 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केरल में सबसे ज्यादा 24, दिल्ली में 10, महाराष्ट्र और कर्नाटक में 5-5 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज सुबह बताया कि देश में कोरोनावायरस के इस दौरान कुल 15,815 नए मामले आए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,42,39,372 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 68 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है। कुल 5,26,996 लोग कोविड-19 संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।

पिछले 24 घंटे में ठीक होने वालों की बात करें तो 20,018 लोग कोविड-19 संक्रमण से ठीक हुए हैं। अब तक कुल 4,35,93,112 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है। हालांकि, अभी देश में संक्रमण के 1,19,264 सक्रिय मरीज हैं। भारत में अभी रिकवरी दर 98.54 फीसदी है।

दिल्‍ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पहले ही सार्वजनिक स्‍थलों पर मास्‍क न पहनने पर 500 रूपये जुर्माना लगाने की घोषणा की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वैक्सीन की 24,43,064 डोज लगाई गई हैं। अब तक पूरे देश में 207.71 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं।

“चीन सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण, कुछ क्षेत्रों में वे अभी पीछे नहीं हटे हैं” : जयशंकर

ताइवान पर लगातार हमलावर तेवर अपनाए हुए चीन को लेकर भारत ने अपना रुख साफ़ करते हुए शनिवार को कहा कि यदि चीन सीमावर्ती क्षेत्र में शांति भंग करता है तो इसका असर द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा। भारत ने कहा कि चीन के साथ हमारी 15 दौर की बातचीत हुई है, हालांकि, अभी कुछ क्षेत्र हैं जहाँ वे पीछे नहीं हटे हैं।”

विदेश मंत्री जयशंकर ने पीईएस विश्वविद्यालय के छात्रों के एक कार्यक्रम में कहा कि चीन के साथ संबंधों को लेकर कहा – ‘मैंने पिछले दो साल में कहा है और 2022 में भी कह रहा हूं कि हमारे संबंध सामान्य नहीं। यदि सीमा पर स्थिति सामान्य नहीं है तो यह (संबंध) सामान्य नहीं रह सकते और सीमा की स्थिति अभी सामान्य नहीं है।’

जयशंकर ने कहा – ‘अभी भी कुछ क्षेत्र हैं जहां वे पीछे नहीं हटे हैं। हालांकि, हम लगातार इस रुख पर कायम हैं कि अगर चीन सीमावर्ती इलाकों में शांति भंग करता है, तो इसका संबंधों पर असर पड़ेगा। कमांडर स्तर पर हमारी 15 दौर की बातचीत हुई है। दोनों पक्षों के उन स्थानों से पीछे हटने के संदर्भ में कुछ महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, जहां वे बहुत करीब हैं।’

विदेश मंत्री ने स्वीकार किया कि सीमा की स्थिति एक बड़ी समस्या बनी हुई है क्योंकि सेना पिछली दो सर्दियों से वहां डटी हुई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत तनावपूर्ण स्थिति है और यह एक खतरनाक स्थिति भी हो सकती है इसलिए हम बातचीत कर रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि चीन जैसी क्षेत्रीय शक्ति महाशक्ति बनने की राह पर हो तो भारत को इससे होने वाले ‘अस्थिरतापूर्ण बदलावों’ के लिए तैयार रहना होगा।

चीन-ताइवान तनाव पर जयशंकर ने कहा – ‘हिंद महासागर क्षेत्र समेत तटीय क्षेत्रों के आसपास चीन की व्यापक मौजूदगी को देखें तो मेरा मानना है कि इस बारे में भारत को आकलन और मूल्यांकन करना होगा। इसमें हमारी अपनी सुरक्षा पर पड़ने वाला असर भी शामिल है, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से हमने चीन को हमेशा हमारे उत्तर में स्थित देश की तरह देखा है। इस स्थिति पर हम नजर रखे रहते हैं।’

न्यूयॉर्क में हमले में घायल सलमान रुश्दी वेंटिलेटर पर; आँख-लीवर को नुकसान

मशहूर उपन्यासकार सलमान रुश्दी, जो शुक्रवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, को वेंटिलेटर पर रखा गया है। हमलावर ने एक कार्यक्रम के दौरान रुश्दी की गर्दन और पेट में कई बार छुरे से वार किया था जिससे उनकी हालत नाजुक हो गयी थी। आरोपी, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, की पहचान न्यू जर्सी के हादी मटर के रूप में गयी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गंभीर रूप से घायल रुश्दी वेंटिलेटर पर हैं। उनकी एक आंख में भी गहरा घाव हो गया है। डॉक्टरों ने उनकी आंख को लेकर भी खतरा बताया है। रुश्दी के प्रतिनिधि ने मीडिया को बताया कि रुश्दी के एक हाथ की नसें टूट गई हैं और उनके लीवर को नुकसान पहुंचा है। उनकी एक आंख भी जा सकती है।

रुश्दी के प्रतिनिधि एंड्रयू वाइली के मुताबिक – ‘समाचार सुखद नहीं है। सलमान की एक आंख खोने का खतरा है, उनकी बांह की नसें कट गई हैं और उनका लिवर भी क्षतिग्रस्त हुआ है।’ हमले के बाद, रुश्दी को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक हमला करने वाले की पहचान हादी मटर के रूप में की गयी है और वह न्यू जर्सी का निवासी है। रुश्दी पर हमले के पीछे कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक हमलावर मटर ने रुश्दी को कई बार छुरा घोंपा। रुश्दी को बचाने की कोशिश करते हुए मंच पर मौजूद सुरक्षा कर्मी को भी इस हमले के दौरान पहुँची है।

स्वतंत्रता दिवस से ठीक कुछ दिन पहले पूर्वी दिल्ली में 2 हजार जिंदा कारतूस हुए बरामद

भारत सोमवार को अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है जिससे देश में खुशी का माहौल बना हुआ है वहीं 75 वें स्वतंत्रता दिवस के ठीक कुछ पहले दिल्ली में 2000 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने यह जानकारी शुक्रवार को साझा की है। हालांकि जब्ती के बारे में अधिक जानकारी का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

हालांकि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले ही पुलिस द्वारा शहर में कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है। किंतु इस सप्ताह की शुरुआत में राजधानी दिल्ली में एक सक्रिय और आईएसआईएस सदस्य को गिरफ्तार भी किया गया है। आरोपी जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेकंड ईयर का छात्र है।

आपको बता दें, सरकार ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ पहल के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

तेजस्वी पहुंचे दिल्ली, अस्वस्थ पिता लालू के अलावा राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात

बिहार में भाजपा से नाता तोड़कर आरजेडी और कांग्रेस के सहयोग से बनी नीतीश सरकार में उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली पहुँच गए हैं। वे स्वास्थ्य लाभ कर रहे अपने पिता और दिग्गज नेता लालू प्रसाद यादव के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मिलेंगे।

इस मुलाक़ात के दौरान तेजस्वी यादव पिता और राहुल गांधी के मंत्रिमंडल के गठन को लेकर चर्चा कर सकते हैं। कांग्रेस ने बिहार में अपने विधायक दल को सरकार में शामिल होने की मंजूरी दे दी है। कांग्रेस के वहां 19 विधायक हैं और संभावना है कि इनमें से चार को मंत्री बनाया जा सकता है।

तेजस्वी राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे। उन्हें राहुल का नजदीकी माना जाता रहा है। तेजस्वी उन विपक्षी नेताओं से मिलेंगे जिन्होंने उन्हें और नीतीश कुमार को भाजपा से अलग होकर सरकार बनाने पर बधाई दी थी। इनमें अरविन्द केजरीवाल भी शामिल हैं।

राहुल गांधी से मुलाकात में तेजस्वी कांग्रेस के कोटे से बनने वाले मंत्रियों को लेकर चर्चा कर सकते हैं, हालांकि इस बाबत आधिकारिक तौर पर कुछ कहा नहीं गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता को लेकर भी दोनों नेता बात कर सकते हैं। तेजस्वी पहले कई बार कह चुके हैं कि वे राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष का नेतृत्व करने के पक्ष में हैं क्योंकि कांग्रेस देश की विपक्ष में सबसे बड़ा पार्टी है।

ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से वोट कराने की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज

सुप्रीम कोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की जगह बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। याचिका को सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने कहा कि, हर मशीन में दुरूपयोग की संभावना बनी रहती है और हर सिस्टम पर संदेह भी जताया जा सकता है। और यह कहते हुए उन्होंने बैलेट पेपर इस्तेमाल करने की याचिका को ठुकरा दिया।

वकील मनोहर लाल शर्मा ने ईवीएम के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। और इस पर जल्द सुनवाई की मांग की थी। शर्मा ने अपनी याचिका में कहा था कि बैलट पेपर से ही चुनाव होने चाहिए, हम कानून के लिहाज से बात कर रहे हैं। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 61 (a) को चुनौती दी थी, जिसमें बैलट पेपर की जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम से मतदान कराए जाने का प्रावधान किया गया है।“

शर्मा की याचिका के मुताबिक इस प्रावधान को संसद से मंजूरी नहीं मिली है और इसके जरिए अभी तक कराए गए सभी चुनाव अवैध हैं। और कोर्ट से उन्होंने कहा है कि सब जगह बैलेट के जरिए फिर से मतदान कराया जाना चाहिए।

आपको बता दें, कुछ वर्ष पहले देश के कई राजनीतिक दलों ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे साथ ही सुप्रीम कोर्ट में कई पार्टियों ने ईवीएम के खिलाफ याचिका भी दाखिल की थीं। और मांग की थी कि ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर के जरिए मतदान करने संबंधी आदेश चुनाव आयोग को जारी किए जाए।