पंजाब में आज एक महिला सहित 10 मंत्रियों ने ली शपथ

पंजाब में बड़े बहुमत से सत्ता में आई आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के मंत्रिमंडल का आज गठन हो गया। कुल 10 मंत्रियों ने आज शपथ ली जिनमें एक महिला हैं। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या अब मुख्यमंत्री सहित 11 हो गयी है। मुख्य्मंत्री के रूप में भगवंत सिंह मान ने शनिवार को खटकड़ कलां में शपथ ली थी।  क़ानून के मुताबिक पंजाब में अधिकतम 17 मंत्री बनाये जा सकते हैं।

अपने मंत्रिमंडल में मान ने क्षेत्रीय संतुलन बनाने की कोशिश की है। हालांकि, पार्टी के मुख्य आधार मालवा को उन्होंने तरजीह दी है। आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले 10 विधायकों में पांच मालवा, चार माझा और एक दोआबा से हैं। कोटकपूरा से लगातार दूसरी बार विधायक बने कुलतार सिंह संधवां विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मान ने एक ट्वीट में मंत्रिमंडल का एलान किया था। मान ने एक ट्वीट में कहा था – ‘मंत्रिमंडल में फिलहाल 10 मंत्री बनाए जाएंगे, जो आज शपथ ग्रहण करेंगे।’ मान के 10 मंत्रियों में पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे दिड़बा हलके से दूसरी बार जीते हरपाल सिंह चीमा भी हैं। मलोट से विधायक और पहले पार्टी सांसद रहे साधु सिंह की पुत्री बलजीत कौर को भी मंत्री बनाया गया है। उन्होंने तीन माह पहले ही नौकरी छोड़ राजनीति ज्वाइन की थी।

अन्य  विधायकों जो मंत्री बने हैं, में हरभजन सिंह भी हैं जो जंडियाला से जीते हैं। साल 2012 में पीसीएस परीक्षा पास करके ईटीओ बने और 2017 में वीआरएस ले लिया। पिछले विधानसभा चुनाव में वे हार गए थे। एक और विधायक विजय सिंगला, जिन्होंने मानसा से गायक सिद्धू मूसेवाला को 63 हजार से ज्‍यादा मतों से हराया था भी मंत्री बने हैं।

मंत्री बने भोआ से विधायक लालचंद पेशे से सोशल वर्कर और आप की पंजाब यूथ विंग के अध्‍यक्ष हैं। बरनाला से दूसरी बार विधायक बने गुरमीत सिंह मीत हेयर भी मंत्री बनने वालों की सूचि में हैं। किसान और अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल भी मंत्री बने हैं।

पट्टी से विधायक लालजीत सिंह भुल्‍लर भी मंत्री बने हैं जो बादल परिवार के रिश्तेदार हैं। होशियारपुर से विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा, सबसे कम उम्र के हरजोत सिंह बैंस भी मंत्री बनाए गए हैं। कुलतार सिंह संधवां, जो कोटकपूरा से जीते हैं, विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे। मान ने कई बड़े नामों को छोड़ कर यह सूची बनाई है।