भाजपा, कांग्रेस ने राज्यसभा और उपचुनाव के लिए किए अपने उम्मीदवार घोषित

भाजपा और कांग्रेस ने राज्यसभा के होने वाले चुनावों के लिए अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इसके अलावा लोकसभा और विधानसभा के कुछ उपचुनावों के लिए भी भाजपा ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है।

भाजपा ने असम, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड और त्रिपुरा की एक-एक सीट से अपने राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें पी मार्गेरिटा, सिकंदर कुमार, एस फांगनोन कोन्याक और माणिक साहा शामिल हैं।

उधर कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए रिपुन बोरा को असम और जेबी मैथर को केरल से उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दोनों की उम्मीदवारी को स्वीकृति प्रदान की। रिपुन बोरा असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं और फिलहाल राज्यसभा सदस्य हैं। मैथर केरल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। वह पहले युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रह चुकी हैं। इन सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है।

उधर भाजपा ने पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा उपचुनाव के लिए अग्निमित्र पॉल को और बिहार से बोचहां विधानसभा उपचुनाव के लिए बेबी कुमारी को उम्मीदवार बनाया है। पॉल तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और भाजपा के पूर्व नेता शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।