Home Blog Page 482

दिल्ली शराब मामले में ईडी के देश भर में 40 जगह छापे

दिल्ली सरकार की शराब नीति पर एक स्टिंग सामने आने के बाद अब शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देश भर में 40 जगह छापेमारी की है। इनमें तेलंगना और पंजाब शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक ईडी ने यह छापेमारी कुछ शराब कारोबारियों और पूर्व आबकारी अधिकारियों के ठिकानों पर की है। आप नेता और दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पहले ही ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदला बता चुके हैं। उन्होंने कुछ समय पहले कहा था कि सीबीआई को उनपर छापों में कुछ नहीं मिला, अब ईडी के छापों में भी कुछ नहीं निकलेगा। हालांकि, भाजपा आप सरकार पर इस मसले को लेकर पूरी तरह आक्रामक रुख अपनाये हुए हैं।

अब ईडी की देश भर में छापेमारी शुरू हो गयी है। ईडी ने देश भर में 40 जगह छापेमारी की है जो अभी जारी है। इन 40 में से अकेले हैदराबाद में 20 ठिकाने शामिल हैं। यह छापे नेल्लोर, तेलंगाना, पंजाब आदि में मारे गए हैं।

सितंबर के शुरू में ईडी ने सात अलग-अलग जगह छापे मारे थे। ये छापे कुछ शराब कारोबारियों और पूर्व आबकारी अधिकारियों के घर मारे गए थे। छापे उन लोगों पर मारे गए थे, जिनके नाम सीबीआई की एफ़आईआर में दर्ज हैं।

केंद्र में विपक्ष की सरकार बनने पर पिछड़े राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा: नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि केंद्र में विपक्ष की सरकार बनते ही बिहार सहित सभी पिछड़े राज्यों को ‘विशेष राज्य’ का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) जब पटना आये थे तो उन्होंने उनसे बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की मांग की थी, लेकिन पीएम ने ऐसा नहीं किया।

नीतीश कुमार ने यह बात पटना में संवाद भवन में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में कही। नीतीश ने कहा – ‘हम और हमारी पार्टी हमेशा से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यदि हमारी बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मांग मान ली होती तो राज्य का और विकास हुआ होता।’

वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए हमेशा से प्रयत्नशील रही है। उन्होंने पीएम मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी सरकार काम करती है, उसका प्रचार नहीं। कहा कि अगर केंद्र में सत्ता बदली तो बिहार समेत सभी पिछड़े राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा का प्रावधान किया जाएगा।

नीतीश ने यह बात तब कही जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या केंद्र में तीसरे मोर्चे या अलग नए फ्रंट, जिसके लिए विपक्षी दल प्रयासरत हैं, की सरकार बनती है तो बिहार समेत दूसरे पिछड़े राज्यों को भी स्पेशल स्टेट का स्टेटस मिल सकता है? नीतीश ने कहा – ‘यदि दिल्ली की सरकार बदलती है, तो सिर्फ बिहार नहीं, बल्कि सभी पिछड़े राज्यों को विशेष दर्जा क्यों नहीं मिलेगा ?’

एसएससी घोटाला मामले में सीबीआई की दिल्ली, कोलकाता में 10 जगह छापेमारी

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एसएससी घोटाला मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी दिल्ली और कोलकाता में 10 जगह छापेमारी की है। सीबीआई ने इस मामले में 18 मई को एक मामला दर्ज किया था।

जानकारी के मुताबिक सीबीआई की छापेमारी सॉफ्टवेयर फार्मों के दफ्तरों पर हो रही है। सीबीआई ने दिल्ली और कोलकाता में यह छापेमारी की है। याद रहे इस घोटाले में बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बता दें 23 जुलाई को की गई गिरफ्तारी के बाद से ईडी ने कोलकाता में अर्पिता मुखर्जी से जुड़े फ्लैट्स में छापेमारी की है जिसमें करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की गई है। सीबीआई ने 18 मई को मामला दर्ज किया था, जिसके बाद अब मामले में छापेमारी की गयी है।

इस मामले में संबंधित फर्मों पर रिकॉर्ड में हेरफेर करने आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह राशि शिक्षकों और अन्‍य कर्मचारियों की नियुक्ति से संबद्ध है जब टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी 2016 में शिक्षा मंत्री थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चटर्जी को मंत्री पद से हटाने के साथ पार्टी से भी निलंबित कर सभी पदों से हटा दिया था।

आप के शराब घोटाले को लेकर भाजपा ने जारी किया दूसरा स्टिंग वीडियो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) की शराब नीति को लेकर एक स्टिंग आज जारी किया हैं। भाजपा ने आप की शराब नीति को लेकर लगातार निशाना साध रही है।

सीबीआई की एफआईआर में आरोपी नंबर 9 अमित अरोड़ा का एक वीडियो सामने आया है और इस वीडियो को लेकर भाजपा ने जारी किया है। वीडियो को जारी करते हुए भाजपा ने कहा कि- खुद कमीशन तय करके आप ने अपने लोगों को मुनाफा पहुंचाया है।

उन्होंने आगे कहा कि इस घपले से जमा की गई राशि से आप ने पंजाब और गोवा चुनाव में इस्तेमाल किया है। और अब आप का असली चेहरा सामने आ गया है। स्टिंग वीडियो सामने है तो अब अरविंद केजरीवाल कार्रवाई क्यों नहीं करते?

पीएम मोदी आज शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने उज्बेकिस्तान जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आज शाम पौने सात बजे समरकंद (उज़्बेकिस्तान) के लिए रवाना होंगे। इस दौरान मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस सम्मेलन में आठ देशों के प्रमुख हिस्सा ले रहे हैं।

यह शिखर सम्मलेन उज़बेकिस्तान में 15-16 सितंबर को उज़बेकिस्तान में हो रहा है। इस सम्मलेन में पीएम मोदी के अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी आदि शामिल होंगे।

पीएम मोदी के कार्यक्रम के मुताबिक वे शाम 6.40 बजे समरकंद के लिए रवाना होंगे। उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात होने की खबर है, हालांकि, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के पीएम शरीफ से मुलाकात की अभी कोई जानकारी नहीं है। पीएम मोदी की उज़्बेकिस्तान और ईरान के राष्ट्रपतियों से भी मुलाकात होगी।

सम्मेलन की शुरुआत से पहले कल (शुक्रवार) सुबह 9.40 बजे एससीओ सदस्य देशों के प्रमुखों का स्वागत समारोह होगा। इसके बाद 9.55 बजे ग्रुप फोटो के बाद सुबह दस बजे से 11.30 बजे तक एससीओ की रिस्ट्रिक्टेड फॉर्मेट बैठक (वन प्लस वन बैठक) होगी।

बाद में 11.40 बजे ज्वाइंट फोटो सेशन होगा और फिर पौने 12 बजे से पौने दो बजे तक समरकंद घोषणा पत्र का हस्ताक्षर होगा। पीएम मोदी सवा दो बजे से साढ़े तीन बजे तक उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से आधिकारिक बैंक्वेट में हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी की रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ समरकंद रेजेंसी होटल में 3.40 से 4.15 बजे तक से सवा चार बजे तक द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद चार बीस से चार पचास तक उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी जो कांग्रेस सेंटर में आयोजित होनी है।

प्रधानमंत्री की पांच बजे से साढ़े पांच बजे तक ईरान के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। पीएम मोदी छह बज कर पचास मिनट पर दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे और रात सवा दस बजे दिल्ली पहुंचेंगे।

उत्तर प्रदेश में दो नाबालिग दलित बहनों से रेप के बाद उनकी हत्या, 6 लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में क़ानून व्यवस्था की हालत खराब होती जा रही है। लगातार घटनाओं के चलते लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। नया मामला लखीमपुर खीरी का है, जहां दो दलित नाबालिग बहनों के शव पेड़ से लटके मिले हैं। उनसे रेप किये जाने का भी आरोप है। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटियों को अगवा किया गया।

घटना को लेकर गुस्से से भरे ग्रामीणों ने इलाके में जाम लगा दिया। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने घटना को शर्मनाक बताते हुए प्रदेश में क़ानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया है।

लड़कियों की मां, जिसने बेटियों से रेप का भी आरोप लगाया है, की शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा फ़ैल गया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग बहनों की मां की शिकायत के बाद जो एफआईआर दर्ज की गयी है उसमें एक नामज़द और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला है।

यह घटना बुधवार की है। दोनों बेटियों के परिजनों ने पुलिस पर शव को जबरदस्ती कब्जे में लेने का आरोप लगाते हुए जबरदस्त हंगामा किया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प की भी खबर है। गुस्से से भरे ग्रामीणों ने वहां जाम लगा दिया। घटना के बाद वहां पहुंचे लखीमपुर खीरी के एसपी संजीव सुमन के साथ भी ग्रामीणों की नोकझोंक की खबर है।

पुलिस के मुताबिक उसने 6 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मीडिया के लोगों को बताया कि आरोपियों ने पहले लड़कियों से दोस्ती की और फिर रेप के बाद हत्या कर दी। दो आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों लड़कियों की हत्या गला दबाकर की गई और हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की।

सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं और लालपुर के रहने वाले बताये गए हैं। आरोपी दोनों बहनों को बहला-फुसलाकर खेत में ले गए और उनसे रेप किया। जानकारी के मुताबिक लड़कियों का पोस्टमार्टम परिवार की मौजूदगी में होगा। आरोपियों ने लड़कियों की मर्जी के खिलाफ उनसे संबंध बनाए। पुलिस ने धारा 302, 306 और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस बीच कांग्रेस की उतर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा की है। एक ट्वीट में प्रियंका ने योगी सरकार से सवाल पूछा – ‘यूपी में महिलाओं के खिलाफ क्यों बढ़ रहे हैं जघन्य अपराध और कब जागेगी सरकार ?’

भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य येदियुरप्पा के खिलाफ एफआईआर करने का आदेश

कर्नाटक के बेंगलुरु में अतिरिक्त शहर दीवानी और सत्र न्यायाधीश अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाली एक निजी शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच करने का आदेश दिया है। येदियुरप्पा को कुछ समय पहले ही भाजपा ने पार्टी के सबसे ताकतवर बोर्ड संसदीय बोर्ड में शामिल किया है।

यह आदेश कर्नाटक हाई कोर्ट के 7 सितंबर को विशेष न्यायालय को भ्रष्टाचार की शिकायत पर नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश देने के ठीक एक हफ्ते बाद आया है। बता दें निचली अदालत ने इस मामले में 8 जुलाई को शिकायत खारिज कर दी थी, क्योंकि राज्यपाल ने शिकायतकर्ता टीजे अब्राहम को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद हालांकि, हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया कि शिकायतकर्ता राज्यपाल से मंजूरी लेने के लिए सक्षम प्राधिकारी नहीं था। यह शिकायत तत्कालीन मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने बीडीए (बैंगलोर विकास प्राधिकरण) के अनुबंध देने के बदले में रिश्वत ली थी।

अदालत के इस आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा – ‘इनमें से किसी भी आरोप में कोई सच्चाई नहीं है। मैं इन सभी मामलों से बाहर आऊंगा। ये चीजें स्वाभाविक हैं, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’

पाकिस्तान को सैन्य आर्थिक मदद देने पर राजनाथ सिंह ने अमेरिका से चिंता जताई

अमेरिका के पाकिस्तान को हाल में एफ-16 विमानों के रखरखाव के लिए भारी भरकम वित्तीय मदद देने पर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पर चिंता जताते हुए कहा है कि उन्होंने भारत की चिंताओं को अमेरिका तक पहुंचा दिया है।

बता दें कुछ समय पहले ही अमेरिका की संसद ने एफ-16 विमानों के बेड़े के रख-रखाव के लिए पाकिस्तान को 450 मिलियन डॉलर की बड़ी वित्तीय सहायता देने को मंजूरी प्रदान की थी। अमेरिका की तरफ से कहा गया था कि ‘इससे इस्लामाबाद अपने एफ-16 बेड़े को आतंकवाद के मौजूदा और भविष्य के खतरों के खिलाफ प्रभावी बनाए रखेगा’।

हालांकि, अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पर चिंता जताते हुए एक के बाद एक ट्वीट्स में कहा कि उन्होंने अमेरिका को भारत की चिंताओं से अवगत कराया है। राजनाथ ने कहा – ‘मैं रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी पर बातचीत जारी रखने का इच्छुक हूं।’

राजनाथ सिंह ने अगले ट्वीट में कहा – ‘हमने भारत-अमेरिका की तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत रखने के तरीकों पर चर्चा की और साथ ही रणनीतिक तकनीकी के क्षेत्र में सहयोग के अवसर तलाशे।’

राजनाथ सिंह का एक ट्वीट – @rajnathsingh “मैंने पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान के लिए निर्वाह पैकेज प्रदान करने के हाल के अमेरिकी निर्णय पर भारत की चिंता व्यक्त की हैं। भारत-अमेरिका साझेदारी को और मजबूत करने के लिए सचिव ऑस्टिन के साथ बातचीत जारी रखने की उम्मीद है।“

तालिबान सरकार ने कहा, जैश सरगना मसूद अज़हर अफगानिस्तान में नहीं है

पाकिस्तान की अफगानिस्तान में तालिबान सरकार को आतंकी मसूद अजहर की वापसी की मांग की ख़बरें मीडिया में आने के बाद तालिबान सरकार ने कहा है कि आतंकी सरगना अफगानिस्तान में नहीं है। तालिबान ने कहा कि कोइ ऐसा व्यक्ति, जो उनके देश में रहकर दूसरे देशों के खिलाफ गतिविधियां चलाए, इसकी इजाजत उनकी सरकार नहीं देती।

तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने मीडिया में आईं इन ख़बरों को गलत बताया कि जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का सरग़ना मसूद अजहर अफगानिस्तान में है। तालिबान सरकार ने कहा – ‘ऐसे आतंकवादी संगठन पाकिस्तान की जमीन से संचालन कर सकते हैं और यहां तक कि सरकारी संरक्षण में भी अपना काम जारी रख सकते हैं।’

इस मसले पर तालिबान की अंतरिम सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इन बातों को कड़े शब्दों में खारिज किया। पहले मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि पाकिस्तान ने मसूद अजहर को सौंपने की मांग वाला एक पत्र अफगानिस्तान को भेजा है।

हालांकि, अब तालिबान ने मीडिया को कहा कि उन्होंने इस बाबत मीडिया में आई खबर देखी है। मुजाहिद ने कहा – ‘लेकिन, यह सच नहीं है। किसी ने भी हमसे ऐसी मांग नहीं की है। जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख अफगानिस्तान में नहीं है। हम किसी को भी, किसी दूसरे देश के खिलाफ अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देंगे।’

अहमदाबाद में बिल्डिंग की सातवीं मंजिल से गिरी लिफ्ट, हादसे में 8 मजदूरों की मौत

गुजरात के अहमदाबाद में एक बड़े हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गयी है। यह हादसा तब आया जब बुधवार को एक बिल्डिंग की सातवीं मंजिल से लिफ्ट गिर गई।

जानकारी के मुताबिक गुजरात विश्वविद्यालय के पास यह हादसा हुआ है। हादसे में मरने वाले सभी 8 लोग मजदूर हैं जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई गयी है। घटना एस्पायर-2 नामक इमारत में हुई जहाँ बैरिकेडिंग का काम चल रहा था।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अहमदाबाद फायर ब्रिगेड के कर्मी भी पहुंच गए। राहत और बचाव का काम जारी है।

हादसा तब हुआ जब एस्पायर-2 नाम की बिल्डिंग में निर्माण के काम के लिए मजदूर लिफ्ट से जा रहे थे कि लिफ्ट नीचे जा गिरी। घटना में घायल एक मजदूर की हालत गंभीर बताई गयी है। हादसे में मरने वाले सभी सात मजदूरों की पहचान हो गयी है। सभी पंचमहल जिले के घोघंबा के रहने वाले थे।