राष्ट्रपति चुनाव: एनडीए की मुर्मू 25 और विपक्ष के सिन्हा का 27 को नामांकन

भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के द्रोपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाने के साथ ही राष्ट्रपति चुनाव की तस्वीर साफ़ हो गयी है। विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
मुर्मू का नाम एनडीए में पिछले राष्ट्रपति चुनाव में भी सामने आया था लेकिन तब भाजपा ने रामनाथ कोविंद को प्राथमिकता दी थी। इससे पहले कांग्रेस के समर्थन करने के बाद विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। इससे पहले सिन्हा ने टीएमसी से त्यागपत्र दे दिया और कहा कि वे विपक्षी एकता के लिए ऐसा कर रहे हैं।

उधर भाजपा ने एनडीए सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद मुर्मू को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। मुर्मू झारखंड की राज्यपाल और ओडिशा सरकार में मंत्री रही हैं। जानकारी के मुताबिक एनडीए की द्रोपदी मुर्मू 25 को जबकि सिन्हा 27 जून नामांकन दाखिल करेंगे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना तय है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है और 29 जून नामांकन की आखिरी तारीख है।