Home Blog Page 429

सिंगर दलेर मेहंदी का सोहना में फार्म हाउस सील, अधिकारियों ने बताया इसे अनधिकृत

मशहूर बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी सहित तीन लोगों के गुरुग्राम स्थित तीन फार्म हाउस को अधिकारियों ने सील कर दिया है। सोहना में दमदमा झील के पास स्थित फार्म हाउस को लेकर प्रशासन ने कहा है कि यह अनधिकृत रूप से बने।

नगर नियोजन विभाग ने यह कार्रवाई की है। अधिकारियों के मुताबिक फार्म हाउस  झील के जलग्रहण क्षेत्र में बने हैं और अनधिकृत हैं। जानकारी के मुताबिक अकेले दलेर मेहंदी का फार्म हाउस करीब डेढ़ एकड़ ज़मीन पर बना है।

इन तीनों फार्महाउस को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन फार्म हाउस का बिना किसी मंजूरी के अरावली रेंज में निर्माण किया गया था।

अधिकारियों ने यह कार्रवाई एक मामले में राष्ट्रीय हरित पंचाट (एनजीटी) के आदेश का पालन करते हुए पुलिस की मदद से की है। फिलहाल तीनों फार्म हाउस को सील कर दिया गया है। वहां पर पुलिस की टीम तैनात कर दी गयी थी

फ़िरोज़ाबाद के कस्बे में आग लगने से तीन बच्चों सहित छह लोगों की मौत, 3 घायल

उत्तर प्रदेश के फिरोज़ाबाद में आगजनी के एक बड़ी घटना में तीन बच्चों सहित 6 लोगों की मौत हो गयी जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। आग इतनी भीषण थी कि  फायर ब्रिगेड की 18 गाड़ियों को लगाने के बावजूद आग बुझाने में तीन घंटे लग गए।

आग की यह घटना फिरोजाबाद जिले के पाढ़म कस्बे की है जहाँ मुख्य बाजार में स्थित एक दुकान और उसके ऊपर बने घर में पिछली देर रात यह आग लगी। हादसे में तीन बच्चों सहित 6 लोगों की जान चली गयी।

पुलिस के मुताबिक दुकान के ऊपर बने घर में एक ही परिवार के नौ लोग आग की चपेट में आ गए। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को बचा लिया गया है। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जिस दुकान में आग लगी वह इलेक्ट्रॉनिक के सामान और फर्नीचर की थी। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। आग पर काबू पाने के लिए आगरा, मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद से अग्निशमन की 18 गाड़ियों को लगाया गया। करीब तीन घंटे में  आग पर काबू पाया गया। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के निकट परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा सीएम योगी ने की है।

एम्स में साइबर अटैक के हैकर्स ने मांगी 200 करोड़ फिरौती, कंप्यूटर किये जा रहे फॉर्मेट

दिल्ली ‘एम्स’ में हुए साइबर अटैक के बाद इसके हैकर्स ने 200 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की है। अब ‘एम्स’ में लगे हर कंप्यूटर को फॉर्मेट किया जा रहा है जिसमें सभी विभागाध्यक्षों और सेंटर प्रमुखों को आदेश दिया है कि वे कंप्यूटर से बैकअप डाटा अलग हार्ड डिस्क में ले लें। यह काम इसी हफ्ते के लिए जाने की संभावना पूरा कर दिए जाने की संभावना है।

एम्स के कंप्यूटर्स पर रैनसमवेयर नाम का साइबर अटैक हुआ था जिसके बाद हड़कंप मच गया। अब एक हफ्ते बाद हैकर्स ने एम्स का सर्वर रिलीज करने के बदले 200 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर दी है। बता दें एम्स में करीब 5 हजार कंप्यूटर सिस्टम और 50 सर्वर हैं।

दिलचस्प बात यह है कि हैकर्स ने फिरौती की रकम भारतीय रुपये, अमेरिकी डॉलर्स या पोंड्स में नहीं बल्कि वर्चुअल क्रिप्टोकरेंसी में माँगी है। इसका कारण यह है कि वे अपनी खुद को ट्रेस नहीं होने देना चाहते हैं।

एम्स पर साइबर अटैक के बाद फिरौती को लेकर दिल्ली पुलिस और कर्ट-इन के विशेषज्ञों के अलावा इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (इफ्सो) डिविजन ने फिरौती का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें एम्स में साल भर में 38 लाख मरीज इलाज करवाने के लिए भर्ती होते हैं। साइबर अटैक से मरीजों की डाटा चोरी होने की आशंका भी जताई गयी है।

हरियाणा जिला परिषद चुनाव: भाजपा 22, आप को 15 सीटें, कांग्रेस चिन्ह पर नहीं लड़ी चुनाव

हरियाणा के पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने सात जिलों में जिला परिषद की कुल 102 में से 22 सीटों पर जीत हासिल की है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पार्टी चिन्ह पर चुनाव नहीं लड़ा था हालांकि, अकेले पंचकूला जिले में उसके समर्थित 10 में से 8 लोग जीत गए हैं। आम आदमी पार्टी ने 15 जबकि इनेलो ने 14 जगह जगह जीत दर्ज की है। इन चुनावों में बड़ी संख्या में निर्दलीयों की जीत हुई है। कांग्रेस का दावा है कि इनमें से काफी उसके समर्थक हैं।

अंबाला जिले के वार्ड 4 में भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी की पत्नी ही चुनाव हार गयी। पंचकूला जिले में भाजपा को करारी मात मिली है जगह वह सभी 10 सीटें हार गयी। कांग्रेस ने दावा किया है कि वहां 8 उसके समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं। नतीजे रविवार को घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक सभी निर्वाचित उम्मीदवारों के नामों की अधिसूचना हरियाणा राज्य सरकार के गजट में 30 नवंबर से पहले जारी कर दी जाएगी।

भाजपा के मुताबिक उसने अंबाला, यमुनानगर और गुरुग्राम सहित सात जिलों में जिला परिषद की 102 में से 22 सीटों पर जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी ने भी इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर 15 सीटें जीती हैं। आप 100 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।

इनेलो, जिसने जिला परिषद की 72 सीटों पर चुनाव लड़ा था, ने चुनावों में 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने अपने पार्टी चिन्ह पर पंचायत चुनाव नहीं लड़ा था, हालांकि उसने दावा किया है कि उसके समर्थित या पार्टी विचारधारा के कई निर्दलीय जीत गए हैं।

सिरसा के जिला परिषद के वार्ड नंबर छह से इनेलो नेता और ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला के बेटे करण चौटाला 600 से अधिक मतों से जीत गए हैं। याद रहे 143 पंचायत समितियों और 22 जिला परिषदों के चुनाव तीन चरणों में हुए थे।

हरियाणा में 22 जिला परिषद हैं, जिनमें 411 सदस्य हैं।  ये सदस्य 22 जिला परिषदों के प्रमुखों का चुनाव करेंगे। राज्य में 143 पंचायत समितियां हैं, जिनमें 3,081 सदस्य हैं जो अपने-अपने प्रमुखों का चुनाव करेंगे।

हरियाणा के निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने कहा – ‘राज्य में 143 पंचायत समितियों के 3,081 सदस्यों में से 117 पहले ही सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं। राज्य में 2,964 सदस्यों के शेष पदों के लिए 11,888 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। ऐसे ही 22 जिला परिषदों के 411 सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे और इन पदों के लिए 3,072 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था।’

आईएफएफआई ज्यूरी हेड ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ को प्रोपेगेंडा फिल्म कहा, जूरी ने निजी राय बताया

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई बड़े नेताओं की उपस्थिति में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के ज्यूरी हेड नदाव लैपिड ने गोवा में 53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को अश्लील और प्रोपगेंडा पर आधारित फिल्म करार दिया है।  हालांकि, इसपर विवाद होने के बाद अब जूरी बोर्ड ने इसे लैपिड की निजी राय बताते हुए खुद को इससे अलग कर लिया है।

गोवा में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में जूरी हेड नदाव लैपिड ने कहा – ‘द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखकर हम सभी डिस्टर्ब और हैरान थे। यह फिल्म हमें अश्लील और प्रोपेगेंडा बेस्ड लगी। इतने प्रतिष्ठित फिल्म समारोह के लिए ये फिल्म उचित नहीं है। मैं आप लोगों के साथ अपनी फीलिंग को खुले तौर पर इसलिए शेयर कर सकता हूं, क्योंकि इस समारोह की आत्मा ही यही है कि हम यहां आलोचनाओं को स्वीकार करते हैं और उस पर चर्चा करते हैं।’

हालांकि, उनके ब्यान के बाद अनुपम खेर, विवेक अग्निहोत्री, अशोक पंडित जैसे फिल्मकारों ने इस बयान की कड़ी निंदा की थी और इसे अनुचित और कश्मीरी पंडितों की पीड़ा के प्रति असंवेदनशील होना बताया है। लैपिड ने इस फिल्म को लेकर कहा था – ‘समारोह में हमने डेब्यू कॉम्पटीशन में सात फिल्में देखीं और इंटरनेशनल कॉम्पटीशन में 15 फिल्में देखीं। इसमें से 14 फिल्म सिनेमैटिक फीचर्स वाली थीं और 15वीं फिल्म द कश्मीर फाइल्स से हम सभी को परेशान और हैरान करने वाली थी।’

याद रहे भारत में भी इस फिल्म के निर्माण के बाद कई विवाद खड़े हुए थे। इसकी पटकथा को लेकर भी सवाल उठाये गए थे। विवेक अग्निहोत्री की लिखी और निर्देशित की यह फिल्म 90 के दशक में कश्मीर घाटी में उग्रवाद के कारण घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है।

अब मंगलवार को जुड़ी बोर्ड ने लैपिड के ब्यान से खुद को अलग कर लिया है। जूरी ने इसे पूरी तरह से उनका निजी बयान बताया। याद रहे लैपिड इजराइली फिल्म निर्माता और जूरी हेड हैं। उन्होंने द कश्मीर फाइल्स को अश्लील और प्रोपगेंडा पर आधारित फिल्म करार दिया था। इजरायल के राजदूत नाओर गिलोन ने भी इसपर खेद जताया है। उन्होंने कहा – ‘मुझे आपके बयान पर शर्म आती है।’

भारत जोड़ो यात्रा देश की आत्मा की आवाज़ ; राहुल गांधी बोले, उनका पूरा फोकस यात्रा पर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भारत जोड़ो यात्रा देश की आत्मा की आवाज़ है। यह यात्रा इस समय मध्य प्रदेश में है और जल्दी ही राजस्थान में प्रवेश करेगी।

इंदौर में मीडिया के लोगों से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है। राहुल ने कहा – ‘वर्तमान में मुख्य समस्या यह है कि देश की पूरी संपत्ति तीन-चार उद्योगपतियों के हाथों में सिमट कर रह गई है। कांग्रेस देश में अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए लघु उद्योग बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगी।’

उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि देश में जाती-धर्म पर बंटवारा किया जा रहा है। राहुल ने कहा कि यह यात्रा देश की आत्मा की आवाज़ है जिसे आरएसएस और भाजपा दबाने की कोशिश कर रहे हैं।

उनसे राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बीच चल रही लड़ाई को लेकर भी सवाल पूछा गया। राहुल ने इसके जवाब में कहा – ‘दोनों नेता कांग्रेस के लिए अहम हैं’।

यह पूछने पर कि क्या वे अगले लोकसभ्या चुनाव में अमेठी से फिर लड़ेंगे, राहुल गांधी ने कहा कि इसका फैसला एक-डेढ़ साल बाद किया जाएगा क्योंकि अभी चुनावों के लिए काफी समय है। गांधी ने कहा कि इस समय उनका पूरा फोकस भारत जोड़ो यात्रा पर है

डिंपल यादव के पक्ष में आते ही योगी सरकार ने शिवपाल यादव की सुरक्षा में कटौती की

उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की मृत्यु के बाद खाली हुई मैनपुरी की लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सपा के उम्मीदवार अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को समर्थन देने की ख़बरों के बाद योगी सरकार ने सोमवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया और चाचा ससुर शिवपाल यादव की सुरक्षा में कटौती कर दी। उन्हें अब तक ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा थी जिसे अब ‘वाई’ श्रेणी कर दिया गया है।

इस फैसले को लेकर योगी सरकार ने सोमवार को कहा कि 25 नवंबर को प्रदेश सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी जिसमें थ्रेट परसेप्शन के आधार पर फैसला किया गया कि विधायक शिवपाल यादव की सुरक्षा जेड श्रेणी से घटाकर वाई कर दी जाए।  हालांकि, प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा है कि यह फैसला शिवपाल यादव के मैनपुरी में बहू डिंपल यादव को समर्थन देने के कारण हुआ है।

इस समय यह चर्चा जोरों पर है कि इस समाजवादी परिवार में एकता बन रही है। हाल में कई बार अखिलेश यादव को सार्वजनिक मंचों पर चाचा शिवपाल यादव को सम्मान देते हुए देखा गया है। अखिलेश कह चुके हैं कि चाचा के साथ उनकी कभी  दूरियां नहीं रहीं।

राजनीतिक हलकों में तब आश्चर्य भर गया जब दो दिन पहले शिवपाल ने एक भाषण में डिंपल यादव की बड़ी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया था। इसके बाद यह साफ़ दिखने लगा था कि यादव परिवार में एकजुटता हो रही है। अब मैनपुरी में भाजपा उम्मीदवार रघुराज शाक्य, जिन्हें कभी शिवपल यादव का करीबी माना जाता था, के लिए चुनाव जीतना चुनौती बन गया है।

श्रद्धा वालकर की हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का दिल्ली पुलिस का दावा

दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि उसने वह हथियार बरामद कर लिया है जिसे श्रद्धा मर्डर में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के मुताबिक आफ़ताब ने श्रद्धा की हत्या करने के बाद उसकी अंगूठी अपनी दूसरी गर्लफ्रैंड, जो एक मनोविज्ञानी है, को गिफ्ट कर दी थी।

हाल के दिनों में पुलिस देश भर में चर्चा में आये इस हत्याकांड की परतें खोलने में सफल होती दिख रही है। आरोपी के खिलाफ पुलिस को सोमवार को तब बड़ी सफलता मिली जब उसने हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को आने वाले समय में आरोपी आफताब के खिलाफ और सबूत मिलने की उम्मीद है। याद रहे हत्याकांड को लेकर पुलिस ने पिछले गुरुवार दावा किया था कि आरोपी आफताब पूनावाला ने श्रद्धा की हत्या के बाद उसके शव को काटने के लिए पांच चाकुओं का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने पांच-छह इंच लंबे पांच चाकू बरामद किए हैं जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। अब हत्या में इस्तेमाल हथियार मिलने से पुलिस जांच में आगे बढ़ रही है।

ई-कोर्ट प्रोजेक्ट के तहत नई पहल की शुरूआत, भारत का संविधान इसकी सबसे बड़ी ताकत- पीएम मोदी

भारत का संविधान इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की उपस्थिति में सुप्रीम कोर्ट में संविधान दिवस समारोह को चिह्नित करते हुए कहा साथ ही पीएम मोदी ने चार डिजिटल कोर्ट की पहल भी की है।

पीएम मोदी ने युवाओं से बहस और चर्चाओं में भाग लेने का आग्रह किया और कहा कि, “संविधान देश की प्रगति को आगे बढ़ाने वाली सबसे बड़ी ताकत हैं। हमारे संविधान की भावना युवा केंद्रित है। मैं सरकारी संस्थानों और न्यायपालिका से अनुरोध करता हूं कि वे हमारे युवाओं के बीच अधिक जागरूकता पैदा करने के प्रयास करें।“

उन्होंने आगे कहा कि, आज 26 नवंबर वह दिन है जब ठीक 14 साल पहले निर्दोष लोगों पर आतंकवाद की सबसे अमानवीय घटना को अंजाम दिया गया था। मैं मुंबई हमले के सभी पीड़ितों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।“

पीएम ने आगे कहा कि, 26 नवंबर को 1949 में संविधान को अपनाने के उपलक्ष्य में 2015 से संविधान दिवस के रूप में चिन्हित किया गया है। साथ ही भारत को एक सप्ताह में जी 20 की अध्यक्षता मिल जाएगी। यह देश के लिए एक बहुत ही बड़ा अवसर है, साथ ही न्यायपालिका की सराहना करते हुए कहा कि न्याय तक पहुंच को आसान बनाने के लिए डिजिटल पहल करने की आवश्यकता है।

बता दें पीएम मोदी ने ई-कोर्ट परियोजना के तहत नई पहल की शुरूआत की है। परियोजना अदालतों की आईसीटी सक्षमता के माध्यम से वादकारियों, वकीलों और न्यायपालिका को सेवाएं प्रदान करने का एक प्रयास हैं। इस पहल में वर्चुअल जस्टिस क्लॉक, जस्टआईएस मोबाइल ऐप 2.0, डिजिटल कोर्ट और एस डब्ल्यू एएएस वेबसाइट शामिल हैं। यह सब कार्यक्रम से पहले एक बयान में उनके कार्यालय के हवाले से कहा गया है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, “आज संविधान दिवस पर हम उन महान लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने हमें हमारा संविधान दिया और हमारे राष्ट्र के लिए उनकी दृष्टि को पूरा करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। ”

भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र, 5 साल में 20 लाख रोजगार देने का किया वादा

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में भाजपा ने राज्य के युवाओं को 5 वर्षों में 20 लाख रोजगार देने का वादा किया हैं। साथ ही कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर कोष के तहत 10 हजार करोड़ रूपये, सिंचार्इ नेटवर्क का विस्तार करने के लिए 25 हजार करोड़ रूपये का निवेश का भी वादा किया गया हैं।

घोषणा पत्र को भाजपा ने संकल्प पत्र के नाम से जारी किया हैं। इसे जारी करते वक्त भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम भूपेंद्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूद रहे। वहीं घोषणा पत्र जारी करते समय सीआर पाटिल ने कहा कि गुजरात के 1 करोड़ से ज्यादा लोगों ने अपनी राय दी है उसके बाद संकल्प पत्र बना हैं।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, यदि वे दोबारा सरकार बनाते हैं तो वे 500 करोड़ के अतिरिक्त बजे से गौशालाओं को मजबूत करेंगे, 1 हजार से अतिरिक्त मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां स्थापित की जाएंगी। साथ ही घोषणा पत्र में गुजरात के युवाओं के लिए रोजगार से लेकर शिक्षा, किसानों, महिलाओं और स्कूली बच्चों तक के लिए वादे किए गए हैं। जेपी नड्डा ने राज्य में यूनिफार्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की बात कही है। इस दौरान गुजरात के CM भूपेन्द्र पटेल समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

उन्होंने आगे कहा कि, छात्राओं को मुफ्त में इलेक्ट्रिक स्कूटी देने वायदा किया गया है। यूनिफार्म सिविल कोड कमेटी की सिफारिशों को लागू करेंगे। गुजरात में 2 सी फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे। महिलाओं में 5 साल में एक लाख रोजगार देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा भी कई वायदे किए गए हैं।

जे पी नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात का निरंतर विकास हो रहा है। भाजपा ही राज्य का समग्र विकास कर सकती है। भाजपा ने सदैव बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हितों के लिए काम किया है।

घोषणा पत्र की मुख्य बातों में 10 हजार करोड़ रुपये किसानों के मार्केटिंग के लिए खर्च करेंगे। 25 हजार करोड़ रुपये खर्च करके सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करेंगे। 500 करोड़ रुयये खर्च करके गौशालाओं को मजबूत बनाएंगे। एक हजार अतिरिक्त मोबाइल पशु चिकित्सालय की शुरुआत करेंगे। साउथ गुजरात और सौराष्ट्र में दो सी फूड पार्क तैयार करेंगे। युवाओं के लिए 20 लाख रोजगार विकसित किए जाएंगे।

साथ ही स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तैयार करने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। देश का पहला ब्लू इकनॉमी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तैयार होगा। मछली पकड़ने से संबंधित बुनियादी ढांचे भी मजबूत किए जाएंगे। पूरे गुजरात को 04 और 06 लेन सड़क से जोड़ेंगे। फ्लाईओर बनाए जाएंगे। गुजरात ओलंपिक मिशन के तहत वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स फैसेलिटी सेंटर बनाए जाएंगे। श्यामजी कृष्ण वर्मा नवीकरणीय ऊर्जा मिशन को 80,000 करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य के साथ लॉन्च किया जाएगा।