Manipur में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी Strike: म्यांमार के चार तस्कर गिरफ्तार

सुरक्षा बलों ने जब्त की सीमा पार से आई हेरोइन की बड़ी खेप : मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पुलिस और असम राइफल्स ने संयुक्त कार्रवाई कर म्यांमार के चार तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ दबोचा है। आरोपियों के पास से साबुन के कुल 66 डिब्बों में नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, जिसे सीमा पार से तस्करी कर लाया गया था। फिलहाल पुलिस ने विदेशी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है...

बेहिआंग पुलिस और असम राइफल्स का संयुक्त एक्शन, नार्को-आतंक पर प्रहार...Pic Credit : Manipur Update
बेहिआंग पुलिस और असम राइफल्स का संयुक्त एक्शन, नार्को-आतंक पर प्रहार...Pic Credit : Manipur Update

तहलका डेस्क।

इंफाल। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में म्यांमार के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बेहिआंग थाना क्षेत्र के बुआलकोट गांव के पास नाकेबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका, जहां तलाशी के दौरान दो आरोपियों के पास से हेरोइन से भरे साबुन के 22 डिब्बे बरामद हुए। इसी कड़ी में एक अन्य अभियान को बेहिआंग गांव में अंजाम दिया गया, जहां से पुलिस ने 44 और संदिग्ध डिब्बे जब्त कर दो अन्य विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान थांगसावमुंग, कामखेनमुंग, जॉनमंग और हौखुल के रूप में हुई है, जो म्यांमार के चिखा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह खेप सीमा पार से तस्करी कर लाई जा रही थी, हालांकि दुर्गम क्षेत्र में ऑपरेशन जारी होने के कारण बरामद नशीले पदार्थ की सटीक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विदेशी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफलता पर पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि अवैध घुसपैठ और ड्रग्स तस्करी के विरुद्ध यह अभियान राज्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।