
रिपोर्ट: स्नेहलता
नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले 18वें BRICS Leaders’ Summit के मद्देनजर राजधानी के सुरक्षा, ट्रैफिक और नागरिक प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। NDMC का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 5 से 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। तीनों शिफ्ट में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती के साथ 11 विभागों को रात की ड्यूटी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत
सम्मेलन में विदेशी मेहमानों और शीर्ष स्तर के प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। प्रमुख होटल, VVIP रूट और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। सुरक्षा रिहर्सल भी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में अलग-अलग एजेंसियों के बीच तत्काल समन्वय बनाया जा सके।
35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित, 22 डायवर्जन प्वाइंट
BRICS की तैयारियों का सीधा असर दिल्ली के ट्रैफिक पर भी पड़ने वाला है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मोटरकेड रिहर्सल के दौरान 22 डायवर्जन प्वाइंट और 35 से ज्यादा सड़कों पर यातायात नियंत्रित करने की व्यवस्था की है। सेंट्रल और साउथ दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और रोक लगाई जा सकती है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से प्रभावित रास्तों पर जाने से बचने, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी रूट और समय पहले से तय करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था रहेगी।
BRICS सम्मेलन अब सिर्फ कूटनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की सुरक्षा, ट्रैफिक और नागरिक प्रशासन की तैयारियों की भी बड़ी परीक्षा बन गया है।


