एटा में गजब खेल: चाय वाले के नाम से खोल दी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज

एटा में गजब खेल: चाय वाले के नाम से खोल दी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज
एटा जिले के मारहरा में बीएस मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम से 2022 से छात्रों से करीब दो करोड़ रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है।

तहलका ब्यूरो

एटा । क्या कभी सोचा कि एक चाय बेचने वाला किसी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज का मालिक हो सकता है…अगर ऐसा नहीं तो आप गलत सोच रहे हैं। ऐसा हुआ है। ये हुआ है उत्तर प्रदेश के एटा जिले में। जहां पर एक चाय वाले के नाम से यूनिवर्सिटी चल रही थी। इसका भंडाफोड़ किया पुलिस ने। पुलिस ने पांच आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक ऐसा अजीब-ओ-गरीब मामला पुलिस के सामने आया है कि जिसके खुलासे के बाद पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। पहले तो शातिर अपराधियों ने एक चाय बेचने वाले के नाम से फर्जी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज पंजीकृत करा दिया। इसमें सालों तक छात्रों से मोटी रकम वसूलकर उन्हें फर्जी डिग्री थमा दी। इस बारे में जब पीड़ित विद्यार्थियों को जानकारी हुई और फीस वापस मांगी तो उन्हें उल्टा अपहरण के केस में फंसाने का अपराध किया। गनीमत रही कि पुलिस ने समय रहते मामले का भंडाफोड़ कर असल अपराधियों को अरेस्ट कर लिया, नहीं तो निर्दोष फंस जाते। बताया जा रहा है कि छात्र-छात्राओं से करीब दो करोड़ ठगे गए। इस अपराध को रिटायर्ड सीएमओ के बेटे सहित पांच शातिरों ने अंजाम दिया।

झूठा अपहरण, असली ठगी का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश में एटा के मारहरा स्थित मेडिकल कालेज के फर्जी प्रिंसिपल सतेंद्र कुमार ने छात्रों की रकम लौटाने से बचने के लिए अपने ही अपहरण की पुलिस को झूठी सूचना दिलवाई। थाना मारहरा पर पीआरवी के माध्यम से वादी रामसेवक द्वारा सूचना दी गई कि वादी के भाई सतेन्द्र कुमार पुत्र दर्शनपाल निवासी ग्राम महमूदपुर नगरिया थाना मारहरा जनपद एटा को बीएस कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी से तीन व्यक्ति गाड़ी अर्टिगा से अपहरण करके ले गए हैं और दो लाख रुपये फिरौती की मांग रहे हैं, जिसके संबंध में सतेन्द्र कुमार की पत्नी द्वारा थाना मारहरा पर प्रार्थना पत्र दिया गया। तहरीर के आधार पर थाने पर धारा 333/140(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया।

चाय वाले के उड़ गए होश

जांच में यह भी सामने आया कि जिस बीएस नामक व्यक्ति के नाम पर कॉलेज को रजिस्टर्ड दिखाया गया है, वह चाय बेचने का काम करता है। उस व्यक्ति का पूरा नाम भगवान दास है और वह गांव धरपसी थाना मारहरा का निवासी है। मामले की जांच करती हुई पुलिस जब भगवान दास के पास पहुंची तो वे चाय बना रहे थे। पुलिस ने पूछा कि तुम्हारे नाम से यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज संचालित है और तुम उसके डायरेक्टर हो। ये सुनकर भगवान दास के होश उड़ गए। उन्होंने कहा कि साहब ये यूनिवर्सिटी क्या होती है, डायरेक्टर कौन होता है। इसके बाद पुलिस ने आगे छानबीन बढ़ाई तो तथ्य चौंकाने वाले आए। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने भगवान दास के नाम और उसकी पहचान का इस्तेमाल क्यों किया।

रुपये वापस न करने पड़े, इसलिए रची अपहरण की कहानी

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डा. इलामारन जि. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पांडेय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों को लगाया गया। जांच की गई तो मामला बेहद चौंकाने वाला सामने आया। तथ्य सामने आया कि वादी रामसेवक द्वारा अपने भाई सतेन्द्र कुमार के अपहरण व फिरौती की मांग के संबंध में पुलिस को झूठी और भ्रामक सूचना दी गई। पता चला कि सतेन्द्र कुमार व अन्य पीड़ितों से विभिन्न कोर्सों में फर्जी एडमिशन के नाम पर रुपये की ठगी की जा रही थी। ये पैसा न लौटाना पड़े, इसलिए अपहरण की फर्जी सूचना देकर पीड़ितों को फंसाने की साजिश थी।

एएसपी ने बताया कि पूछताछ में अपहरण की कहानी झूठी और भ्रामक निकली। सतेंद्र ने छात्रों से लिए गए रुपये वापस करने के दबाव के बीच खुद के अपहरण की साजिश रची थी। कुछ छात्रों का प्रवेश रद्द होने के बाद वे रुपये वापस मांग रहे थे। सतेंद्र ने आगरा में रुपये देने की बात कही और छात्रों के साथ ही वहां चला गया। इस बीच उसने अपने भाई रामसेवक से अपहरण की सूचना देने को कहा। आगरा पहुंचने के बाद छात्रों के मोबाइल से अपने भाई को फोन कर दो लाख रुपये की मांग कराई। इसी फोन के प्रयोग के सहारे आरोपी छात्रों को फंसाने की कोशिश कर रहे थे।

ये है पूरा मामला

वर्ष 2022 से सतेन्द्र कुमार पुत्र दर्शनपाल सिंह निवासी ग्राम महमूदपुर नगरिया थाना मारहरा जनपद एटा द्वारा बीएस मेडिकल कालेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम से फर्जी कालेज चलाकर लगातार छात्र-छात्राओं को विभिन्न कोर्सों जैसे डी-फार्मा, बी-फार्मा, बीएससी नर्सिंग, डीएमएलटी, बीएमएलटी, बीएएमएस, जीएनएम, एएनएम में एडमिशन दिलाने और शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलकर जाली दस्तावेज बनाकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा था।

इस संबंध में थाना मारहरा पर मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान थाना मारहरा पुलिस ने प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ, बरामद दस्तावेजों के परीक्षण तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं बैंक संबंधी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर सामने आए तथ्यों के अनुसार अभियुक्तों—सतेंद्र कुमार (ग्राम महमूदपुर नगरिया), भगवान दास (ग्राम धरपसी), नरेन्द्र कुमार उर्फ पप्पू (पैठ कस्बा व थाना मारहरा), गौरव अग्रवाल (कासगंज) और मोहम्मद शरीफ कुरैशी (गफूरगंज, मारहरा)—द्वारा वर्ष 2022 से एक कथित फर्जी विश्वविद्यालय/शैक्षणिक व्यवस्था संचालित किए जाने तथा उसकी आड़ में लगातार छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने एवं शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर रकम वसूली जा रही थी। साथ ही दस्तावेजों में फर्जी मार्कशीट, परीक्षा संबंधी अभिलेख, छात्र-छात्राओं के आई-कार्ड, एडमिशन फार्म, अटेंडेंस रिकॉर्ड, विभिन्न पाठ्यक्रमों की फाइलें, कॉलेज की मोहर तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री मिली है।

ये सामान हुई बरामदगी

  • एक लैपटॉप DELL कंपनी
  • चार विभिन्न बैंकों के फर्जी चेक
  • छात्रों के 16 फर्जी आईडी कार्ड
  • फर्जी एप्लीकेशन फार्म व एटेंडेंस शीट
  • फर्जी फीस की रसीदें
  • परीक्षा पुस्तिकाएं एवं जाली प्रश्न पत्र
  • एक फर्जी मोहर
  • पैम्फलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री जिन पर फर्जी यूनिवर्सिटी कोड अंकित है
  • फर्जी मौहरशुदा लेटर पैड
  • फर्जी मार्कशीटें

पुलिस का वर्जन

“दो लाख रुपये की फिरौती के लिए भाई के अपहरण की झूठी सूचना दी गई। जांच के दौरान फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी के नेटवर्क का मामला सामने आया। मारहरा पुलिस ने जांच के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जिस बीएस नामक व्यक्ति के नाम पर मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी को रजिस्टर्ड दिखाया गया है, वह चाय बेचने का काम करता है। मास्टरमाइंड सतेंद्र कुमार उर्फ कृष्णपाल वर्ष 2022 से बीएस मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के नाम पर छात्रों से रकम लूट रहा था।”

— श्वेताभ पांडेय, एएसपी, एटा

गिरफ्तार किए गए आरोपी

  • सतेन्द्र कुमार पुत्र दर्शनपाल सिंह निवासी ग्राम महमूदपुर नगरिया थाना मारहरा जनपद एटा
  • गौरव अग्रवाल पुत्र सुभाष चन्द्र अग्रवाल निवासी पंखा वाला बाग नदरई गेट थाना कासगंज
  • भगवान दास पुत्र निरंजन लाल निवासी ग्राम धरपसी थाना मारहरा जनपद एटा
  • नरेन्द्र उर्फ पप्पू पुत्र इतवारी लाल निवासी मोहल्ला पैठ कस्बा व थाना मारहरा जनपद एटा
  • मो0 शरीफ कुरैशी पुत्र अब्दुल मजीद निवासी मोहल्ला गफूरगंज कस्बा व थाना मारहरा जनपद एटा