चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को मतदान

चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों की 28 सीटों (14 स्नातक+14 शिक्षक) के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना का कार्यक्रम जारी किया है। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होगी।

एम. रियाज़ हाशमी, तहलका

बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटो ं पर होगा द्विवार्षिक चुनाव, 27 अक्टूबर को मतगणना, 31 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी होगी

नई दिल्ली 22 सितंबर, 2026 भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से रिक्त हो रही कुल 28 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के 22 सितंबर 2026 के प्रेस नोट के अनुसार इन चार राज्यों में विधान परिषद के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव कराए जा रहे हैं। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

चुनाव आयोग के अनुसार बिहार की 8, कर्नाटक की 4, महाराष्ट्र की 5 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें सभी सीटें स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित हैं।

29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 6 अक्टूबर आखिरी तारीख

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। आयोग ने चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने की समयसीमा तय की है। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 विधान परिषद् सीटों पर चुनाव

चार राज्यों में सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए होगा। यहां स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटें रिक्त हो रही हैं। इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। आयोग के अनुसार इन सीटों से संबंधित मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

बिहार की 8 सीटों पर चुनाव, कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। बिहार के सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसी धर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एन.के. यादव के नाम शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार सिंह और सारण से अफाक अहमद हैं।

कर्नाटक की 4 विधान परिषद् सीटों पर होगा चुनाव

कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक दक्षिण-पूर्व और कर्नाटक पश्चिम शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक उत्तर-पूर्व और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। इन सीटों का कार्यकाल 11 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर भी द्विवार्षिक चुनाव होगा। इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में औरंगाबाद डिवीजन, पुणे डिवीजन और नागपुर डिवीजन शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अमरावती डिवीजन और पुणे डिवीजन शामिल हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को पूरा हो रहा है।

समझें चार राज्यों में कुल 28 सीटों का गणित

इन चुनावों में चारों राज्यों को मिलाकर सीटों का ब्योरा इस प्रकार है

बिहार- 8 सीटें: 4 स्नातक + 4 शिक्षक

कर्नाटक- 4 सीटें: 2 स्नातक + 2 शिक्षक

महाराष्ट्र- 5 सीटें: 3 स्नातक + 2 शिक्षक

उत्तर प्रदेश- 11 सीटें: 5 स्नातक + 6 शिक्षक

इस तरह कुल 28 सीटों में 14 स्नातक और 14 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को नतीजों की गिनती

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान पूरा होने के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक समाप्त कर दी जाएगी। इन चुनावों में आम विधानसभा चुनाव की तरह सभी मतदाता मतदान नहीं करते। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए संबंधित पात्र मतदाताओं की अलग निर्वाचक सूची होती है। इसलिए इन चुनावों की प्रक्रिया सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग है। निर्वाचन आयोग ने प्रेस नोट में कहा है कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट यानी आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। आयोग ने चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देश अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए हैं। इस चुनाव कार्यक्रम के साथ ही चारों राज्यों में संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां चुनावी प्रक्रिया के दायरे में आ जाएंगी।

चुनाव कार्यक्रम एक नजर में

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, विधान परिषद की इन सीटों पर चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।