हिमाचल में विधानसभा चुनाव 12 नवंबर को, नतीजे 8 दिसंबर को किए जाएंगे घोषित

चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। हिमाचल  में विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।

दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि वहां विधानसभा चुनाव 12 नवंबर को होगा।

उनहोंने बताया कि हिमाचल में चुनाव  अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर, नामांकन की जांच 27 अक्तूबर, नाम वापसी 29 दिसंबर जबकि मतदान 12 नवंबर को होगा। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

राजीव कुमार ने आगे कहा कि लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें इसलिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। हालांकि यह सुविधा केवल विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी। साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के लोग, दिव्यांग या कोविड संक्रमित जो वोट देना चाहते हैं लेकिन पोलिंग बूथ तक आने में असमर्थ है उनके लिए घर जाकर उन्हें मतदान करने की सुविधा देगा।

आपको बता दें, हिमाचल में 2017 के विधानसभा चुनाव में कुल 68 सीटों में से भाजपा ने 44 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं। इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा आप भी मैदान में होगी। राज्य विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को समाप्त हो रहा है।

हिमाचल में 53 लाख 76 हजार 77 रजिस्टर्ड मतदाता पंजीकृत हैं। राज्य के पिछले विधानसभा चुनाव में 75.28 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला था। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 80 साल से उपर के बुजुर्ग घर बैठे वोट दे सकेंगे। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। सारी सीमाएं सील रहेंगी। फेक न्यूज और अफवाहों पर आयोग का खास ध्यान रहेगा।