श्रीलंका के पीएम महिंदा राजपक्षे ने पद से इस्तीफा दिया

श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने आखिर सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। श्रीलंका में आर्थिक संकट के बीच बढ़ रही हिंसा और लोगों की तरफ से विरोध प्रदर्शन के बाद राजपक्षे ने यह फैसला किया है।

याद रहे दो दिन पहले ही श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने इमरजेंसी लगाने की घोषणा की थी। हाल के समय में यह दूसरी बार है कि श्रीलंका में आपातकाल लगाया है। आज भी श्रीलंका में लगातार कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

राष्ट्रपति भवन के बाहर सोमवार को धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों पर सरकार समर्थकों ने हमला किया जिसके बाद लोगों में नाराजगी फ़ैली है। एक दिन पहले ही आर्थिक संकट झेल रहे श्रीलंका की राजधानी में पुलिस ने कर्फ्यू लागू कर दिया था। सरकार समर्थकों और विरोधियों के बीच सोमवार की झड़पों के बाद यह कर्फ्यू लगाया गया।

बता दें विरोध कर रहे लोग राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। झड़पों में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वैसे ख़बरें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे इस्तीफा दे सकते हैं।