शिमला नगर निगम में कांग्रेस काबिज, 34 में से 21 सीटों पर जीतीं महिलाएं

शिमला नगर निगम के चुनाव में इस बार रेकॉर्ड तोड़ महिलाएं जीतकर आई हैं। कुल 34 सदस्यों में से 21 महिलाएं जीतीं हैं। शिमला नगर निगम के गुरुवार को नतीजे आए थे जिसमें कांग्रेस ने 24 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा 9 सीटों पर सिमट गयी है। विधानसभा चुनाव के चार महीने बाद ही भाजपा को यह लगातार दूसरी हार मिली है।

इस चुनाव में महिलाओं की यह जीत सबसे बड़ी है। महिलाओं की यह जीत इसलिए भी बड़ी है कि उनके लिए 17 वार्ड ही आरक्षित थे। बाकी सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों को मात दी। इस लिहाज से सदन में इस बार सिर्फ 13 पुरुष पार्षद ही होंगे। नगर निगम के दो पूर्व महापौर समेत 13 पूर्व पार्षद इस चुनाव में हार गए।

चुनाव में माकपा को एक ही सीट मिली। समरहिल की अपनी मजबूत सीट को उसने कभी नहीं हारा है। भाजपा की इस चुनाव में बड़ी हार हुई है जिससे प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बड़ा झटका लगा है। उधर पालमपुर के निगम उपचुनाव में भी कांग्रेस को जीत मिली है। पार्टी ने अपनी सीट बरकरार रखी है।

कांग्रेस के लिए चुनाव की बागडोर खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने अपने हाथ में राखी हुई थी जो खुद एक समय यहाँ पार्षद रह चुके हैं। यही नहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी लगातार शिमला में डटे हुए थे। कांग्रेस की एकजुटता के आगे भाजपा कमजोर साबित हुई।