लोकसभा में भाजपा-कांग्रेस सदस्यों में धक्कामुक्की, कांग्रेस की राम्या हरिदास ने स्पीकर से शिकायत की  

दिल्ली हिंसा को लेकर सोमवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में कांग्रेस और भाजपा सदस्यों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। इस मामले में कांग्रेस सदस्य राम्या हरिदास ने भाजपा सदस्य जसकौर मीणा के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष  ओम बिरला के समक्ष हमला करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आज लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने दिल्ली में हाल की हिंसा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की और जबरदस्त हंगामा किया। इसी दौरान कांग्रेस और भाजपा सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।
एक बार स्थगित होने के बाद सदन की कार्यवाही दो बजे दोबारा शुरू होने पर लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने आवश्यक कागजात सभा पटल पर रखवाए और कुछ विधेयक भी पेश किए गए। इस दौरान कांग्रेस और द्रमुक सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आकर दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाने लगे।
इस दौरान कांग्रेस सदस्यों के हाथों में पोस्टर थे जिन पर ”गृह मंत्री इस्तीफा दो”, ”सेव इंडिया”, ”अमित शाह, इस्तीफा दो” के नारे लिखे हुए थे। टीएमसी सदस्य अपने स्थान से ही नारेबाजी कर रहे थे। भाजपा सदस्य संजय जायसवाल जब चर्चा में हिस्सा ले रहे थे तो कांग्रेस सदस्य गौरव गोगोई, रवनीत सिंह बिट्टू ”गृह मंत्री इस्तीफा दो” वाला बैनर लेकर सत्तापक्ष की तरफ आ गए।
भाजपा सदस्यों ने इसका विरोध किया और कांग्रेस सदस्यों से वहां से जाने के लिए कहा। जब विपक्ष के सदस्य नहीं हटे तो सत्ता पक्ष के कुछ सदस्य उनको वहां से हटाने की मांग करते हुए उनके पास गए। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा सदस्यों के बीच धक्का मुक्की शुरू हो गई। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और स्मृति ईरानी को बीच बचाव करते देखा गया। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की बैठक दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। तीन बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर स्थिति जस की तस बनी रही। हंगामा थमता नहीं देख पीठासीन सभापति रमा देवी ने सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।