राहुल गांधी मणिपुर यात्रा के दूसरे दिन मेइती समुदाय से मिले, दुःख दर्द जाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिंसा से प्रभावित मणिपुर राज्य के दौरे के दूसरे दिन आज (शुक्रवार) को मेइती समुदाय के लोगों से मिलने पहुंच गए हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत की और उनका दुःख दर्द जाना।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी कल इंफाल से 63 किलोमीटर दूर चुराचांदपुर में राहत शिविरों में शरण लिए हुए लोगों से मिले थे। इससे पहले तब विवाद पैदा हो गया जब उन्हें एक जगह पुलिस ने रोक दिया।

मणिपुर से आयी तस्वीरों और वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि वहां महिलाओं ने राहुल के आने का खूब स्वागत किया। उन्होंने अपने हाथों में प्लेकार्ड ले रखे थे जिनमें राहील जेंदाबाद के नारे लिखे थे।

आज सुबह राहुल अपने दौरे के दूसरे दिन हेलीकॉप्टर से विष्णुपुर जिले के मोइरांग पहुंचे। जहाँ उन्होंने मेइती समुदाय के हिंसा प्रभावित लोगों से मुलाकात की है और पीड़ित लोगों का हाल चाल जाना है। गांधी मेइती समुदाय के लोगों से मिलने के बाद इंफाल लौटेंगे जहां वो सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल हिंसा को रोकने के लिए और लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। इसके बाद गांधी मणिपुर से ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे जिसमें वो लोगों से हुई बातचीत की जानकारी देंगे।

इस बीच मणिपुर के कांगपोकपी जिले के हराओठेल गांव में गुरुवार सुबह सुरक्षा कर्मियों के साथ मुठभेड़ में दो लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी की घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।