राहुल गांधी ने संघर्ष की मशाल जलाई है और असंभव को संभव किया है : खरगे

कांग्रेस अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने संघर्ष की मशाल जलाई और असंभव को संभव किया है। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार की नोटबंदी को एक ‘ऐतिहासिक बेवकूफी’ करार दिया।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खरगे ने तिरंगा फहराकर आज के अधिवेशन की शुरुआत की। महाधिवेशन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका भी पहुंचे हैं, हालांकि, शुक्रवार को उन्होंने पार्टी की सबसे पहली बैठक में हिस्सा नहीं लिया था और 3 बजे वहां पहुंचे थे।

खरगे ने इस मौके पर कहा कि नोटबंदी एक ऐतिहासिक बेवकूफी थी जिससे देश के छोट-मझोले कारोबार बर्बाद हो गए। खरगे ने कहा कि एक सामान्य इंसान कांग्रेस का अध्यक्ष बना। राहुल गांधी ने उम्मीद की रोशनी जगाई। भारत जोड़ो यात्रा से युवाओं को प्रोत्साहन मिला। हमारे अधिवेशन को रोकने की कोशिश भी हुई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आकाश, धरती और पाताल, देश की सभी चीजें बेच रही है। देश के प्रजातंत्र को विखंडित करने का षड्यंत्र हो रहा है। इसके खिलाफ आंदोलन करना होगा। केंद्र सरकार में बैठे लोगों का डीएनए गरीब-विरोधी है। खरगे ने कहा कि विदेश मंत्री का यह बयान बड़ी नाकामी का द्योतक है कि चीन बड़ी अर्थव्यवस्था है, ऐसे में उस पर हमला नहीं कर सकते।