राहुल गांधी गुजरात में करेंगे प्रचार, सोमवार से चुनाव अभियान में उनके जुड़ने की संभावना

आखिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का गुजरात के विधानसभा चुनाव में प्रचार करने का शेड्यूल तय हो गया है। राहुल सोमवार को गुजरात में प्रचार के लिए पहुंचेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के बीच राहुल गांधी के प्रचार करने का एक बड़ा कारण गुजरात कांग्रेस का यह फीडबैक है कि राज्य का चुनाव दिलचस्प हो गया है और राहुल के आने से पार्टी को लाभ होगा।

गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से कुछ विराम ले रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि राहुल गांधी के गुजरात में प्रचार के समय ही पीएम मोदी भी प्रचार के लिए राज्‍य में होंगे। भाजपा ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है और मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी अपने इस गृह राज्य में काफी ज्यादा समय दे रहे हैं।

राज्य में दो चरणों का चुनाव पहली और 5 दिसंबर को होगा। कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक इस दौरान राहुल गांधी एक से ज्यादा बार गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। यह पहली बार है जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बीच ब्रेक ले रहे हैं, हालांकि, वे पिछले महीने मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के समारोह में एक दिन के लिए दिल्ली आये थे। हिमाचल में भी राहुल की जगह पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के प्रचार की कमान संभाली थी।

कांग्रेस आज विधिवत राहुल गांधी के गुजरात के चुनाव दौरे का शेड्यूल जारी करेगी।
कहा गया है कि राहुल गांधी सोमवार को नवसारी आ सकते हैं जो पार्टी के दिवंगत नेता अहमद पटेल से जुड़ा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा से उत्साहित राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे।