मुंबई समेत महाराष्ट्र पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल

महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने राज्य पुलिस बल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। तबादले का काफी समय इंतजार किया जा रहा थाा।
मुंबई पुलिस बल के चार संयुक्त आयुक्तों का तबादला कर उन्हें कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीरा भायंदर वसई विरार के पुलिस आयुक्त सदानंद दाते को एटीएस का प्रमुख नियुक्त किया गया है, लखमी गौतम को मुंबई अपराध शाखा का प्रभार दिया गया है, जबकि सत्यनारायण चौधरी को मुंबई में कानून और व्यवस्था का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटील को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर स्थानांतरित किया गया है। मिलिंद भारंबे को नवी मुंबई पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था बनाया गया है। पुणे आयुक्त का पद रिक्त रखा गया है। नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह का तबादला कर उनकी जगह मिलिंद भारंबे को नियुक्त किया गया है।
विनय कुमार चौबे को पिंपरी चिंचवड़  पुलिस आयुक्त बनाया गया है। अमरावती की पुलिस कमिश्नर आरती सिंह का भी तबादला कर दिया गया है। मुंबई के यातायात विभाग के संयुक्त पुलिस आयुक्त राजवर्धन सिन्हा का भी तबादला कर दिया गया है और मुंबई के यातायात विभाग की जिम्मेदारी प्रवीण पडवल को दी गई है।