महिला आरक्षण पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने कहा, “नीयत साफ होती तो अब तक लागू हो चुका होता कानून”

महिला आरक्षण को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। देहरादून में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता Supriya Shrinate ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता Supriya Shrinate का BJP पर तीखा हमला।
महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता Supriya Shrinate का BJP पर तीखा हमला।

देहरादून/ नई दिल्ली: देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए तीखा हमला बोला। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता Supriya Shrinate ने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने में सबसे बड़ा रोड़ा खुद प्रधानमंत्री Narendra Modi हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण देने की बजाय इसे टालने की कोशिश कर रही है।

प्रेस वार्ता में श्रीनेत ने कहा कि मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है, लेकिन सरकार जानबूझकर जनगणना और परिसीमन का मुद्दा सामने रखकर देरी कर रही है। उनके मुताबिक, यह साफ संकेत है कि सरकार की मंशा महिलाओं को जल्द आरक्षण देने की नहीं है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के हालिया संबोधन पर भी सवाल उठाए और कहा कि उसमें बार-बार कांग्रेस का जिक्र करना यह दिखाता है कि सरकार विपक्ष से डरती है। श्रीनेत ने दावा किया कि महिला आरक्षण की नींव कांग्रेस ने रखी थी और साल 2010 में इस बिल को राज्यसभा से पास भी कराया गया था। हालांकि, लोकसभा में इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने साथ हुए अपमान को नहीं भूलतीं और समय आने पर जवाब जरूर देंगी।

इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड की मौजूदा 70 विधानसभा सीटों पर ही आरक्षण लागू किया जाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने एक सुर में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। फिलहाल, महिला आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है और आने वाले दिनों में इस पर और तेज बयानबाजी देखने को मिल सकती है।