मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे कांग्रेस में शामिल

बिग बॉस के सीजन ११ की विजेता रहीं शिल्पा शिंदे कांग्रेस में शामिल हो गयी हैं। एक लोकप्रिय कलाकार शिंदे ”भाभी जी घर पर हैं” नाम के मशहूर सीरियल में अंगूरी भाभी का लोकप्रिय चरित्र भी निभा चुकी हैं।

शिल्पा शिंदे मंगलवार को मुंबई में कांग्रेस में शामिल हुईं। शिंदे के कांग्रेस ज्वाइनिंग कार्यक्रम में मुंबई कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय निरुपम उपस्थित थे जिन्होंने शिंदे को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पार्टी नेता चरण सिंह सापराभी इस मौके पर उपस्थित थे। चर्चा है कि उन्हें  कांग्रेस आने वाले लोकसभा चुनाव में मैदान में उतार सकती है।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शिल्पा ने कहा कि वो इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने का इरादा भी रखती हैं। टिकट को लेकर पूछे सवाल पर शिंदे ने कुछ कहने से इंकार कर दिया और कहा – “अभी थोड़ा इंतजार कीजिए, जल्द ही आपको सब पता चल जाएगा।” मशहूर टीवी एक्ट्रेस ने कहा कि आजकल सारी चीजें राजनीति के आसपास ही घूम रही हैं और ऐसे में उन्होंने सोचा कि क्यों ने वो भी राजनीति में आ जाएं और राजनीति में रहकर बदलाव की कोई कोशिश करें।

जब उनसे पूछा गया कि वो कांग्रेस में क्यों गईं, शिंदे ने कहा – ”पापा ने सालों कांग्रेस के लिए काम किया है। मैंने बचपन से आसपास पॉलिटिकल माहौल देखा है। ऐसे में कांग्रेस में जाना ही उचित समझा।”

टीवी शो ”भाभी जी घर पर हैं” से चर्चा में आने वालीं शिल्पा शो के प्रोड्यसर से विवाद के बाद उससे बाहर हो गईं थीं। शिंदे ने करियर की शुरुआत १९९९ में की थी। महाराष्ट्र के एक परिवार में शिंदे का जन्म १९७७ में हुआ। पिता डॉ. सत्यदेव शिंदे हाई कोर्ट में जज थे, जबकि मां गीता सत्यदेव शिंदे गृहिणी हैं। पिता की २०१३ में अल्जाइमर से मृत्यु हो गई थी।