भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुआ जानलेवा हमला, सरकारी अस्पताल में भर्ती

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर सहारनपुर के देवबंद इलाके में अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। एक कार से बदमाशों ने आजाद पर फायरिंग की है। इस कार पर हरियाणा का नंबर था।

चंद्रशेखर अपनी फॉर्चूनर कार से देवबंद दौरे पर पहुंचे थे। उन्हें छूते हुए गोली निकल गई और वे घायल हो गए। उनकी कार पर गोली के निशान साफ देखे जा सकते है। उन्हें घायल अवस्था में देवबंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें, चंद्रशेखर को गोली के छर्रे लगे हैं हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फायरिंग में उनकी कार के शीशे भी टूट गए है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, “आधे घंटे पहले चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उनके पास से निकल गई। वह ठीक है। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।”