भगवंत मान ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, 17वें सीएम बने

आम आदमी पार्टी (आप) को मिली बड़ी जीत के बाद पंजाब में बुधवार को भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उन्हें  ओहदे की शपथ दिलाई। उन्हें नतीजे आने के बाद आप विधायक दल का नेता चुना गया था। आज अकेले मान ने ही शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल भी उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण के बाद मान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता की आवाज बनें और किसी तरह का अहंकार न करें। उन्होंने कहा वैसे तो मुर्गे के सिर पर भी ताज होता है लेकिन एक नेता के रूप में उनके सिर पर जनता तो जो ताज रखा है उसकी जिम्मेदारी वे समझते हैं और इसे पूरी मेहनत से निभाएंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में हर तरफ पीली पगड़ियाँ दिख रही थीं। इस मौके पर हज़ारों लोग उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह खटकड़ कलां में हुआ जो शहीद भगत सिंह की धरती है। मान ने इसे शपथ ग्रहण के लिए खास तौर पर चुना था। अपने भाषण में भी उन्होंने इसका जिक्र किया।