दिल्ली के आरआर अस्पताल में सशस्त्र बलों के सेवारत और सेवानिवृत कर्मियों समेत २४ लोग कोविड-१९ संक्रमित  मिले

कोविड-१९ का दायरा बढ़ता जा रहा है। अब दिल्ली के आर्मी रिसर्च एंड रेफरल (आरआर) अस्पताल में सशस्त्र बलों के सेवारत और सेवानिवृत कर्मियों समेत २४ लोग कोविड-१९ वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद अस्पताल के अन्य मरीजों को क्वारंटाइन कर दिया गया है और पूरे अस्पताल को सैनिटाइज किया गया है।
उधर दिल्ली में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के ४५ जवानों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से ४३ दिल्ली की आंतरिक सुरक्षा जबकि दो दिल्ली पुलिस की कानून व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थे।
उधर सेना ने आधिकारिक जानकारी दी है कि अब तक तीनों सेवाओं के ९८ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें सेवारत, सेवानिवृत्त जवान और उनके परिवार के लोग शामिल हैं। अब तक ४२ जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
सेना प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने कहा – ”ऑन्कोलॉजी विभाग से सेना के अस्पताल (अनुसंधान और रेफरल) में भर्ती किए गए सेवारत, सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों और आश्रितों सहित २४ लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इन सभी को दिल्ली कैंट के बेस अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।”