दिल्ली एयरपोर्ट, बेंगलुरु और नागपुर में ड्रग्स पर डीआरआई का शिकंजा, 10 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ जब्त; 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली | तहलका न्यूज | स्नेहलता
देश में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तीन अलग-अलग अभियानों में 10 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में करीब 7.1 किलोग्राम एम्फेटामिन और 3.1 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई है। एजेंसी ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नागपुर के पास और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई।

महिलाओं के सूट में छिपाकर ले जा रहे थे नशीला पदार्थ

डीआरआई के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचे एक यात्री के सामान की तलाशी में 5.166 किलोग्राम एम्फेटामिन बरामद हुआ। इसके बाद 16 अक्टूबर को दिल्ली से हैदराबाद जा रही बस में नागपुर के पास एक भारतीय यात्री को रोका गया। उसके बैग में नए महिलाओं के सूट के भीतर नशीला पदार्थ छिपाया गया था। बैग की अंदरूनी परत में छिपे पैकेटों की जाँच करने पर कुल 1.97 किलोग्राम एम्फेटामिन मिला। इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

घाना से आए यात्री के सामान में मिली कोकीन

एक अन्य कार्रवाई में 15 और 16 अक्टूबर की दरमियानी रात दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर घाना से आए एक भारतीय यात्री के सामान की तलाशी ली गई। जाँच के दौरान छह पारदर्शी पैकेटों में रखा 3.134 किलोग्राम सफेद पाउडर बरामद हुआ। परीक्षण में इसके कोकीन होने की पुष्टि हुई। इस मामले में भी यात्री को गिरफ्तार किया गया।

एनडीपीएस कानून के तहत कार्रवाई

डीआरआई ने तीनों मामलों में जब्त पदार्थों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त किया है। एजेंसी की कार्रवाई से हवाई यात्रा और सड़क परिवहन के जरिए नशीले पदार्थों की कथित तस्करी के अलग-अलग तरीके सामने आए हैं।