चुनाव थकान मिटाने राहुल शिमला पहुंचे

कल दिल्ली में बिहार में सीट बंटवारे पर तेजस्वी, कुशवाहा से बैठक

फोटो : हिमाचल अभी-अभी

पांच विधानसभा चुनावों में प्रचार की थकान मिटाने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार रात हिमाचल की राजधानी शिमला पहुँच गए। उनके साथ बहन प्रियंका वाड्रा भी आई हैं। उनके आज शाम या कल सुबह दिल्ली लौटने की सम्भावना है जहाँ बिहार में लोक सभा सीटों के लिए बंटवारे पर गुरूवार को उनकी आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और उपेंद्र कुशवाहा से बैठक संभावित है।

तहलका की जानकारी के मुताबिक दिल्ली से राहुल, प्रियंका और प्रियंका के बच्चे हवाई जहाज से चंडीगढ़ पहुंचे और उसके बाद सड़क मार्ग से रात करीब १० बजे शिमला पहुंचे। रस्ते एक जगह उन्होंने सोलन में एक ढाबे पर हल्का नाश्ता किया। वे वहां मौजूद लोगों से बतयाये भी और कुछ लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी खींची।

गांधी परिवार के सदस्य कुफरी के वाइल्ड फलॉवर हॉल होटल में ठहरे हैं। राहुल गांधी बुधवार को बहन प्रियंका वाड्रा का शिमला के पास छड़ाबरा स्थित निर्माणाधीन घर देखने भी आने वाले हैं।

राहुल बहन का घर देखने पहली बार आये हैं। हालाँकि प्रियंका की मान सोनिया गांधी शिमला आती रही हैं। प्रियंका का यह घर पूरी तरह पहाड़ी शैली में बन रहा है। एक साल पहले इसके कुछ निर्माण को गिरा दिया गया था क्योंकि प्रियंका उससे संतुष्ट नहीं थीं।

राहुल के शिमला आने की खबर से कांग्रेस के नेता भी उनसे मिलने पहुंचे। गौरतलब है कि प्रियंका के इस मकान के केयरटेकर एक स्थानीय कांग्रेस नेता ही हैं लिहाजा जब भी प्रियंका को यहाँ आना होता है, कांग्रेस के लोगों की इसकी खबर हो ही जाती है।

तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत से कार्यकर्ता हिमाचल में भी बहुत उत्साहित हैं। सोलन के पास ब्रूरी में जब खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल से मिलने पहुँच गए तो राहुल ने उनसे कहा कि वे पार्टी की लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के लिए पूरी ताकत से जुट जाएँ।