कोरोना की चपेट में आए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा

कोरोना वायरस का संक्रमण यूं तो सेना, पुलिसकर्मी, मेडिकल स्टाफ सबको निशाना बना चुका है, पर बड़े राजनेता इससे बचे हुए थे। अब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को गुड़गांव के 5 स्टार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमण की चपेट में आने के बाद पात्रा को अस्पताल के आईसीयू-7 में भर्ती कराया गया है।  फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
इससे पहले बताया गया था कि कोरोना जैसे लक्षण दिखाई देने के बाद भाजपा प्रवक्ता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक सूत्र ने कहा था कि भाजपा नेता में कोरोना वायरस जैसे लक्षण दिखाई दिए। देश में वायरस का संक्रमण कम होने के बजाय दिन ब दिन बढ़ता ही जा रहा है।
बता दें संबित पात्रा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और कई न्यूज चैनल पर भाजपा के चेहरे के तौर पर दिखाई देते हैं। उन्होंने कई बार अनूठे तर्क और कुतर्क के जरिये चर्चा बटोरी है।