केजरीवाल पर टिप्पणी: दिल्ली भाजपा नेता बग्गा को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर बग्गा को शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मोहाली पुलिस ने तेजिंदर के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज किया था। भाजपा ने इस गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई है।

जानकारी के मुताबिक पंजाब पुलिस का बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की कोशिश की।
आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने इसे लेकर एक ट्वीट में लिखा – ‘बग्गा की गिरफ्तारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित धमकी देने के मामले में हुई है। पंजाब पुलिस ने गुंडों की पार्टी भाजपा के एक नेता तजिंदर बग्गा को गिरफ्तार किया है। उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जीने नहीं देंगे की धमकी दी थी।’

उधर भाजपा ने बग्गा की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। दिल्ली भाजपा के  प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल ने कहा – ‘करीब 50 पुलिस वाले बग्गा के दिल्ली स्थित घर में सुबह करीब साढ़े आठ बजे घुसे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।’ भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने बग्गा ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर पंजाब पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।