कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन के दौरान सोनिया गांधी ने किया राजनीति से रिटायरमेंट का इशारा

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित 85वें कांग्रेस राष्ट्रीय अधिवेशन में अपने संबोधन के दौरान अपने रिटायरमेंट पर बड़ी बात कही है उन्होंने कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी समाप्त हो गर्इ है।

सोनिया गांधी ने कहा कि, “2004 और 2009 (जब केंद्र में यूपीए सरकार बनी) में हमारी जीत के साथ डॉ मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी। और पार्टी कार्यकर्ताओं का मुझे पूरा सहयोग भी मिला। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के समाप्त हुर्इ। ये पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है।“

उन्होंने अपने संबोधन के दौरान पहली बार पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी संभालने से लेकर अब तक के सभी उतार-चढ़ाव पर बात की। उन्होंने कहा कि 1998 में जब मैं पहली बार पार्टी अध्यक्ष बनी तब से लेकर आज तक यानी पिछले 25 सालों में बहुत कुछ अच्छा और कुछ बुरा अनुभव भी रहा है।“

सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि, भाजपा और आरएसएस ने देश की हर संस्था पर कब्जा कर लिया है और उसे बर्बाद कर दिया है। उसने कुछ कारोबारियों को फायदा पहुंचाकर आर्थिक तबाही मचा दी है। और इससे पूरे देश को लड़ना होगा। इस विपरीत समय में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ उम्मीद की किरण बनी है।