उ.प्र. विधानसभा चुनाव: आज थम जायेगा छठें चरण का चुनाव प्रचार, मतदान 3 मार्च को

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठें चरण में 3 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर आज शाम चुनाव प्रचार थम जायेगा। छठें चरण में बलरामपुर, सिद्रार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, अबंडेकरनगर, गोरखपुर, देवरिया और बलिया जिले की विधानसभा सीटों पर मतदान होना है।

बताते चलें, इन जिलों में गोरखपुर जिले की विधानसभा सीटों का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। क्योंकि यहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ चुनाव मैदान में है। इस लिहाज से यहां पर सभी विरोधी दल योगी आदित्य नाथ को चुनाव में हराने के लिये जी-तोड़ मेहनत कर रहे है।

गोरखपुर के रहने वालों ने तहलका संवाददाता को बताया कि चुनाव तो चुनाव होता है। जीत-हार की संभावना रहती है। लेकिन यहां के स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर योगी आदित्य नाथ चुनाव जीतते है तो, विकास तो होगा। वहीं योगी आदित्य नाथ के विरोध में चुनाव प्रचार करने वालों का कहना है कि कई बार चुनाव में मुख्यमंत्री पद के दावे दार भी चुनाव हार जाते है। जैसा कि पश्चिम बंगाल में तृण मूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी चुनाव हार गई थी और उनकी पार्टी तृण मूल कांग्रेस चुनाव जीत गई थी।

राजनीति आंकलन जो भी निकालें जाये पर, भरोसा नहीं किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश की सियासत के जानकार पुरूषोत्तम पचौरी का कहना है  कि  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लास्ट राउंड में दो चरणों का मतदान बचा है। जिनमें 3 और 7 मार्च को मतदान होना है। इसलिहाज से प्रदेश की सियासत में गर्माहट और आरोप –प्रत्यारोप की राजनीति तेज चल रही है। कोई नेता किसी हद तक अपने विरोधी पर आरोप लगाने से बाज नहीं आ रहे है। माहौल को पूरा सियासी रंग दिये हुये है।