अजीत जोगी को दिल का दौरा, वेंटिलेटर पर 

छत्तीसगढ़ के पूर्व और पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी को दिल का दौरा पड़ा है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई गयी है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जोगी के बेटे से फोन पर अजीत जोगी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक उनकी हालत को देखते हुए उन्हें एयर ऐम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया जा सकता है। जोगी को शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ा। जोगी को इसके तुरंत बाद रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बताई गयी है।
अस्पताल के डाक्टरों का कहना है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ है। यदि जोगी की  सेहत में सुधार नहीं होता है तो उन्हें एयर एंबूलेंस से दिल्ली ले जाया जा सकता है। आज सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी और विधायक रेणु जोगी ने जब अजीत का रक्तचाप जांचा तो पाया कि यह काफी कम था। इसके बाद जब उनमें सुधार नहीं दिखा तो तो उन्हें एंबुलेंस से देवेंद्र नगर स्थित निजी श्रीनारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनके बेटे अमित जोगी ने पिता की तबीयत खराब होने की पुष्टि की है। अस्पताल के डायरेक्टर सुनील खेमका ने बताया कि ”जोगी को कार्डियक अरेस्ट आया है। अब रिकवरी हो रही है। हालांकि, स्थिति अब भी गंभीर है।” उनके मुताबिक जोगी घर में इमली खा रहे थे कि उसकी गुठली उनके गले में अटक गयी जिससे उनकी हार्टबीट असामान्य हो गई, जो अब नॉर्मल है। उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।