विशाखापट्टनम में शिक्षिका के थप्पड़ के बाद 6 साल के बच्चे की मौत, तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच

विशाखापट्टनम के स्कूल में छह साल के बच्चे की मौत के बाद जांच
विशाखापट्टनम के निजी स्कूल में छह साल के बच्चे की मौत के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

विशाखापत्तनम। स्नेहल चौरसिया।

विशाखापत्तनम में शिक्षिका पर थप्पड़ मारने का आरोप

बेहोश होकर गोद में गिरा बच्चा; जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

स्कूल में होमवर्क पूरा नहीं करने पर छह साल के बच्चे को कथित तौर पर शिक्षिका ने थप्पड़ मार दिया। इसके कुछ ही पल बाद बच्चा शिक्षिका की गोद में बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार ने शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच के लिए शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है।

वायरल वीडियो में रोता दिखा बच्चा

जानकारी के मुताबिक, विशाखापत्तनम के एक स्कूल में बच्चा होमवर्क चेक कराने के लिए शिक्षिका के पास खड़ा था। वायरल वीडियो में वह परेशान और रोता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षिका ने उसे थप्पड़ मारा। कुछ क्षण बाद बच्चा वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। स्कूल स्टाफ और अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

परिवार का आरोप है कि कथित मारपीट के बाद बच्चा अत्यधिक घबरा गया और तनाव में उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजनों ने विरोध भी किया।

शिक्षा मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग ने मामले की व्यापक जांच के लिए विशाखापत्तनम क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक, जिला शिक्षा अधिकारी और राजस्व मंडल अधिकारी की तीन सदस्यीय समिति बनाई है।

पुलिस ने दर्ज किया संदिग्ध मौत का मामला

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध मौत के संबंध में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब जांच के बाद ही बच्चे की मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।