पंजाब में कांग्रेस को झटका, पार्टी के सांसद भाजपा में शामिल

नई दिल्‍ली:पंजाब में कांग्रेस को झटका लगा है। पार्टी के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा में शामिल हो गए। उन्‍हें लोकसभा चुनाव में टिकट मिल सकता है।

रवनीत सिंह बिट्टू कट्टर खालिस्तान विरोधी नेता हैं। उनका कांग्रेस छोड़ना पंजाब में भाजपा को अब तक की सबसे बड़ी बढ़त बताया जा रहा है। भाजपा में शामिल हुए नवनियुक्त नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात भी की।बिट्टू ने केजरीवाल को ‘ठग’ कहा। कहा, ‘केजरीवाल और पार्टी स्वराज एवं जन लोकपाल का वादा करके सत्ता में आए, लेकिन विडंबना यह है कि वे सबसे बड़े ठग निकले।’


भाजपा में शामिल होने पर रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘मैंने जब भी प्रधानमंत्री या गृह मंत्री से पंजाब को लेकर कोई बात की है तो उन्होंने हमेशा उसे सकारात्मक तरीके से लिया है। हम पंजाब को आगे लेकर जाना चाहते हैं। जब देश आगे बढ़ रहा है, तब पंजाब क्यों पीछे रहे?’पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा वारिंग ने पूर्व कांग्रेस नेता रवनीत सिंह बिट्टू के भाजपा में शामिल होने पर कहा, ‘लुधियाना के अंदर एक नया इंकलाब होगा। यह हमारे लिए एक मौका है। उनका (रवनीत सिंह बिट्टू) जाना कोई बड़ी बात नहीं है।’
पंजाब के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पूर्व कांग्रेस नेता रवनीत सिंह बिट्टू के भाजपा में शामिल होने पर कहा, ‘कुछ लोगों के जाने का हमें पहले अफसोस हुआ था, लेकिन इनके जाने का हमें कोई अफसोस नहीं हुआ। इनके जाने से हमें शांति मिली है।’