हरियाणा : निजी क्षेत्र में 75 फीसदी राज्य के युवाओं के लिए आरक्षण लागू
हाईकोर्ट ने दिल्ली देगों की पुलिस रिपोर्ट को कहा रद्दी का टुकड़ा
दिल्ली दंगों के मामले में एक आरोपी का कबूलनामा लीक होने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस को फटकार लगाते हुए पुलिस की विजिलेंस रिपोर्ट को “अधपका हाफ बेक्ड (Half Baked)” और “कागज का बेकार टुकड़ा बताया है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने मीडिया में सूचनाऐं लीक होने को लेकर पुलिस को कड़ी फटकार लगाई। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (विजिलेंस) को 5 मार्च को पेश होने के लिये कोर्ट ने आदेश दिए।
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने जामिया के एक छात्र आसिफ इकबाल के खिलाफ अगस्त में, दिल्ली दंगों में षड़यंत्र के मामले में एक सप्लीमेंट चार्जशीट दायर की थी।
इसमें इकबाल का पुलिस के सामने कबूलनामा मीडिया में लीक हो गया और मीडिया चैनलों पर खूब चलाया गया। इकबाल ने इस पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और छवि खराब होने की शिकायत भी दी थी।
जिसके बाद कोर्ट ने चैनल और दिल्ली पुलिस को नोटिस भी दिया था।
कंगना की मुश्किलें बढ़ीं, जमानती वारंट जारी
बाॅलीवुड अदाकारा कंगना रनौत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कुछ समय पहले कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जिसमें सोमवार को सुनवाई और अदालत ने कंगना के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। जावेद अख्तर ने कंगना पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है।
मुंबई में अंधेरी के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने कंगना के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। अभिनेत्री को समन भेजे जाने के बावजूद कोर्ट में उपस्थित नहीं होने की वजह से कोर्ट ने वारंट जारी किया। कंगना को एक फरवरी को समन जारी किया गया था। उन्हें एक मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए तलब किया था, पर वह नहीं पहुंची। इससे कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया। कंगना के वकील ने कहा कि वह समन को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। मामले की अगली सुनवाई अब 26 मार्च को होगी।
क्या है मामला
जावेद अख्तर ने कंगना रनौत पर उनके खिलाफ गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया था। जावेद ने कहा था कि कंगना ने उनके खिलाफ कई न्यूज चैैनलों में जाकर गलत बयान दिए हैं, इससे उनकी छवि धूमिल हुई है। इसके लिए उन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या कहा था कंगना ने
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना ने बॉलीवुड की कई हस्तियों पर गुटबाजी करने का सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था। कंगना ने जावेद अख्तर के बारे में कहा था कि उन्होंने ऋतिक रोशन के खिलाफ केस वापस लेने की धमकी दी थी। जावेद अख्तर ने उन्हें ये भी कहा था कि अगर वो केस वापस नहीं लेंगी तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा।
दो महीनों में रसोई गैस के दामों में 125 रुपये का इजाफा
दो महीनों में रसोई गैस के दामों में 125 रुपये का इज़ाफा हुआ है। एक मार्च से सिलेंडर की कीमत 819 रुपये हो गई है, यानी की अब प्रति सिलेंडर 125 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। सभी श्रेणियों के LPG के दाम आज (1 मार्च) से 25 रुपये प्रति सिलेंडर और बढ़ गए हैं।
गौरतलब है, एक जनवरी 2021 को रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत 694 रुपये थी। ये इज़ाफा पिछले 2 महीने में 6ठवीं बार किया गया है। इससे पहले 25 फरवरी को 25 रुपये, 15 फरवरी को 50 रुपये और चार फरवरी को 25 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे।
सरकार कुछ चुनिंदा ग्राहकों को इसपर सब्सिडी देती है। कुछ राज्यों में इसके लिए दिल्ली से ज्यादा दाम चुकाने होंगे।
जहां एक तरफ पेट्रोल के दाम कम होने को नाम नही ले रहे है, दूसरी तरफ एलपीजी के दामों में आए उछाल ने लोगों की परेशानी को और भी बढ़ा दी है।
मोदी ने कोविड-19 का पहला टीका लगवाया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली और उन सभी लोगों से टीका लगवाने की अपील की, जो इसके योग्य हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मैंने एम्स में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली। कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में असाधारण काम किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों से कोरोना वायरस का टीका लगवाने की अपील करता हूं, जो इसके लिए योग्य हैं। हम सब मिलकर भारत को कोविड-19 से मुक्त बनाएंगे।’’
भूख पर व्यापार करना चाहते हैं, ऐसा नहीं होगा: टिकैत
कृषि कानूनों के खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में किसान महापंचायतें अब जोर पकड़ने लगी हंै। कभी राजनीतिक पार्टियां और तो कभी किसान संगठन पंचायत कर तीनों कृषि कानूनों को वापस कराने पर जोर दे रहे हैं। इसी के मद्देनजर आज सहारनपुर में भी भाकियू की महापंचायत बुलाई गई और मेरठ में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किसान महापंचायत को संबोधित किया।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सहारनपुर में दो टूक कहा कि हमें संशोधन नहीं चाहिए, कानून खत्म होने चाहिए। पहले बिना पूछे आपने कानून बना दिया और फिर पूछते हो कि इसमें कमी क्या है? अनाज को तिजोरी में बंद करना चाहते हैं, भूख पर व्यापार करना चाहते हैं, ऐसा नहीं होगा।
राकेश टिकैत ने कहा कि आंदोलन स्थल पर सरकार ने हमारे लिए पहले तारबंदी-कीलबंदी की गई और फिर कटीले तार लगाए। सरकार ने किसान की पगड़ी उछालने का काम किया है और तिरंगे को ठेस पहुंचाई है। देश भाजपा को नहीं बख्शेगा। देश में आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। सरकार को एमएसपी की गारंटी देनी होगी। जब तक तीनों कानूनों की वापसी नहीं होगी, तब तक किसानों की घर वापसी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि अगर यह आंदोलन फेल होगा तो युवा बेरोजगार हो जाएगा। किसान की जमीन नहीं बचेगी। जमीनें कम्पनियों के पास चली जाएंगी। रोटी की कीमत कंपनी तय करेगी। आंदोलन में किसान मजदूर साथ आएंगे तो बात बनेगी। सरकार 15 दिन से शांत है और कोई नया फंडा तलाश रही है। अब देश मे हल क्रांति होगी। हाथों में खेती के औजार लेकर किसान सरकार से भिड़ेगा। 40 लाख ट्रैक्टरों से किसानों का आंदोलन होगा। यह जंग छिड़ चुकी है। अब किसान चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि वह बंगाल भी जा रहे हैं।
अंग्रेजों से ज्यादा किसानों पर जुल्म कर रही सरकार: केजरीवालदिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मेरठ की किसान महापंचायत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली बाॅर्डर पर बैरियर लगाए गए हैं। मोटी- मोटी कीले लगाई गई हैं। मोदी सरकार तो अग्रेजों से ज्यादा किसानों पर जुल्म कर रही है। किसान तीन महीनों से सड़क पर ठंड और गर्मी में बैठकर कानूनों को वापस लेने का विरोध कर रहे हैं। इस दौरान 250 लोग शहीद हो चुके हैं, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। इतना ही नहीं, सरकार किसानों को देशद्रोही तक बता रही है। जबकि उनके ही परिवार के भाई और परिवार वाले बाॅर्डर पर जाकर देश की रक्षा कर रहे हैं। इस सरकार को किसानों के बारे में कोई चिंता नहीं है। यह सरकार केवल अपना हित देख रही है।
इसरो ने सफलतापूर्वक लॉन्च किए अमेजोनिया-1 समेत 18 उपग्रह
साल 2021 के अपने पहले मिशन में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कामयाबी हासिल की है।
इसरो ने रविवार 10:24am पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी-सी51 को लॉन्च किया।
पीएसएलवी-सी51 अमेजोनिया-1 और दूसरे 18 सैटेलाइट को लेकर अंतरिक्ष में गया है।
बता दें कि इन उपग्रहों में चेन्नई की स्पेस किड्ज़ इंडिया (एसकेआई) का उपग्रह भी शामिल है।
इस अंतरिक्ष यान के शीर्ष पैनल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर उकेरी गई है।
स्पेस किड्ज इंडिया ने एक एसडी कार्ड में भगवद्गीता की इलेक्ट्रॉनिक प्रति को अंतरिक्ष में भेजने के लिए सुरक्षित किया, जिसे अंतरिक्ष में भेजा गया है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिक को बधाई दी।
इसरो के मुताबिक पीएसएलवी-सी51 पीएसएलवी का 53वां मिशन है।
इस रॉकेट के जरिए ब्राजील के अमेजोनिया-1 उपग्रह के साथ 18 अन्य उपग्रह भी अंतरिक्ष में भेजे गए हैं।
भुवनेश्वर में तापमान 40 तो जोधपुर में 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
देश के कई हिस्सों में फरवरी के आखिरी हफ्ते में अचानक तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश समेत ओडिशा से लेकर राजस्थान तक में गर्मी का अहसास होने लगा है। भुवनेश्वर में तो तामपान 40 डिग्री को छू गया, जबकि जोधपुर में 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मेरठ में भी पारे ने रिकाॅर्ड तोड़ दिया है।
मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले 10 साल में फरवरी माह में इतना तापमान नहीं रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर खासतौर से देखा जा रहा है। इसके पीछे वजह विशेषज्ञ पश्चिमी विक्षोभ को मान रहे हैं, जिसकी वजह से कुछ जगह बूंदाबांदी भी हुई है। पर तापमान से राहत मिलती नहीं दिा रही है।
सुबह होते ही धूप के साथ धूल भरी हवाएं चलनी शुरू हो जाती हैं। लोग और शर्ट और टी-शर्ट में घूमने लगे हैं। वर्ष 2021 की फरवरी में दिन का तापमान पिछले सालों से कुछ ज्यादा तल्ख है। पश्चिमी यूपी में पारा 32 डिग्री तक पहुंच चुका है। जबकि पिछले10 सालों में देखें तो फरवरी वर्ष 2018 में तापमान 31 डिग्री रहा था। 20 से 26 फरवरी तक मौसम के ट्रेंड को देखें तो अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन पांच से छह डिग्री ज्यादा रहा है।
वहीं, राजस्थान के जोधपुर में अब पश्चिमी व दक्षिणी हवाएं चलने से अधिकतम तापमान शुक्रवार को 35.6 डिग्री पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी पिछले दो दिनों में 16 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। यही कारण है की सुबह व शाम की ठंड खत्म हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौजूदा हालात में तो तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है। लेकिन पहली मार्च व उसके आसपास तापमान में हल्की गिरावट आएगी। जोधपुर का अधिकतम तापमान में तीन दिनों में करीब तीन डिग्री बढ़ गया है। खास बात यह है कि दिन गर्म हैं पर रात में हल्की ठंड घुली हुई है। न्यूनतम तापमान ज्यादातर शहरों में अब 15-17 डिग्री के आसपास चल रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक मार्च से तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज किए जाने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। तीन और चार मार्च को हल्के बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना हाल फिलहाल नहीं है।
डीजीसीए ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पाबंदी की अवधि 31 मार्च तक बढ़ाई
विमान नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हाल ही में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रतिबंध को 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है।
डीजीसीए (DGCA) ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी है। पिछले कुछ दिनों से कोविड के मामले तेजी से बढ़ रहे है, जिसको देखते हुए डीजीसीए ने और एक महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला किया है।
डीजीसीए के दिशा- निर्देशों के अनुसार ‘भारत से’ और ‘भारत के लिए’ अनुसूचित अंतराराष्ट्रीय यात्राओं को 31 मार्च 2021, रात 11 बजकर 59 मिनट तक के लिए निलंबित किया जा रहा है। जबकी, दिशा- निर्देशों में ये भी स्पष्ट है कि विशेष परिस्थितियों में चुनिंदा जगाहों पर उड़ानों को अनुमति दी जा सकती है।
इससे पहले डोमेस्टिक फ्लाईट्स को उड़ान की अनुमति दे दी गई थी। पर, पहले के मुकाबले इनकी संख्या काफी कम है। कोविड-19 के बदलते हालातों के बीच समय समय पर इसमें बदलाव किए जाते रहे हैं।
गौरतलब है, पिछले साल 23 मार्च से देश में कोरोना महामारी के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन पर रोक लगा दी गई थी।
यूसुफ पठान ने क्रिकेट को कहा अलविदा
करोड़ों लोगों की पसंदीदा टीम में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के तौर पर उन्हें याद किया जाएगा। इसके अलावा स्पिन गेंदबाजी से भी समय-समय पर अपना कारनामा दिखाते रहे हैं। यूसुफ के छोटे भाई इरफान पठान ने भी पिछले साल संन्यास ले लिया था। शुक्रवार 26 फरवरी को दोपहर यूसुफ पठान ने सोशल मीडिया पर एक संदेश के जरिये क्रिकेट को अलविदा करने का ऐलान किया।
संदेश में यूसुफ ने लिखा कि मैं अपने परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों, टीमों, कोचों और पूरे देश का सहयोग और प्यार करने के लिये तहेदिल से शुक्रिया करता हूं। अब तक जिन्होंने भी सहयोग दिया उन सभी का धन्यवाद। वर्ष 2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का आगाज किया था। 2008 में पाकिस्तान के खिलाफ यूसुफ ने वनडे करियर की शुरुआत की थी। साल 2012 में इस खिलाड़ी ने आखिरी बार कोई इंटरनेशनल मैच खेला था।
उन्होंने देश के लिए 57 वनडे और 22 टी20 खेले। वनडे में उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 810 रन बनाने के साथ 33 विकेट भी लिए। टी20 में यूसुफ के नाम 236 रन हैं और 13 विकेट हासिल किए।